पर्पल कैप के लिए जोश हेजलवुड ने लगा दी तगड़ी रेस, विराट कोहली से कितनी दूर ऑरेंज कैप
IPL 2025 Orange Cap Purple Cap Updated List: आईपीएल 2025 प्लेऑफ का पहला क्वॉलीफायर मुकाबला हो चुका है। आइए जानते हैं ऑरेंज कैप और पर्पल कैप में क्या बदलाव हुआ है?

IPL 2025 Orange Cap Purple Cap Updated List: आईपीएल 2025 प्लेऑफ का पहला क्वॉलीफायर मुकाबला हो चुका है। पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबले में विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी। हालांकि ऐसा हो नहीं पाया, बस विराट कोहली के रन थोड़े से बढ़ गए। ऑरेंज कैप से कोहली अभी भी 65 रन दूर हैं। इस तरह ऑरेंज कैप लिस्ट में बिल्कुल भी फेरबदल नहीं हुआ। बल्लेबाजों में अभी भी साई सुदर्शन की बादशाहत अभी भी कायम है। वहीं, दूसरे नंबर पर शुभमन गिल का कब्जा है। हालांकि पर्पल कैप की लिस्ट थोड़ी सी अपडेट हुई है। लंबे अरसे के बाद वापसी कर रहे जोश हेजलवुड सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
बल्लेबाजों का क्या हाल
आईपीएल 2025 ऑरेंज कैप लिस्ट पहले की तरह से ही है। हालांकि विराट कोहली के रनों में थोड़ा इजाफा हुआ है। पंजाब वर्सेस बेंगलुरु क्वॉलीफायर वन मैच से पहले विराट कोहली के खाते में 602 रन थे। कोहली ने पंजाब के खिलाफ 12 रनों की छोटी सी पारी खेली। ऐसे में अब उनके खाते में 614 रन हो चुके हैं। नंबर वन पर साई सुदर्शन अभी भी 679 रनों के साथ और दूसरे नंबर पर 649 रनों के साथ शुभमन गिल हैं। तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव और चौथे नंबर पर मिचेल मार्श हैं। वहीं, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर टॉप-10 से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पर प्रभसिमरन सिंह आ गए हैं, जिनके 15 मैचों में 517 रन हैं।
प्लेयर | मैच | रन | औसत |
साई सुदर्शन | 14 | 679 | 52.23 |
शुभमन गिल | 14 | 649 | 54.08 |
सूर्यकुमार यादव | 14 | 640 | 71.11 |
मिचेल मार्श | 13 | 627 | 48.28 |
विराट कोहली | 14 | 614 | 55.81 |
यशस्वी जायसवाल | 14 | 559 | 43.00 |
केएल राहुल | 13 | 539 | 53.90 |
जोस बटलर | 13 | 533 | 66.62 |
निकोलस पूरन | 14 | 524 | 43.66 |
प्रभसिमरन सिंह | 15 | 517 | 34.46 |
गेंदबाजों की लिस्ट में बदलाव
आईपीएल 2025 की पर्पल कैप लिस्ट की बात करें तो यहां पर थोड़ा बदलाव जरूर हुआ है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने पंजाब के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 3.1 ओवरों में 21 रन देकर तीन विकेट लिए। इस प्रदर्शन की बदौलत उनके विकेटों की संख्या 18 से बढ़कर 21 हो गई। इस तरह हेजलवुड पर्पल कैप लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए। अब हेजलवुड से आगे सीएसके के नूर अहमद और जीटी के प्रसिद्ध कृष्णा हैं।
प्लेयर | मैच | विकेट | औसत |
नूर अहमद | 14 | 24 | 17.00 |
प्रसिद्ध कृष्णा | 14 | 23 | 18.91 |
जोश हेजलवुड | 11 | 21 | 15.80 |
ट्रेंट बोल्ट | 14 | 19 | 22.26 |
अर्शदीप सिंह | 15 | 18 | 24.11 |
जसप्रीत बुमराह | 10 | 17 | 14.64 |
साई किशोर | 14 | 17 | 20.64 |
वरुण चक्रवर्ती | 13 | 17 | 22.52 |
वैभव अरोड़ा | 12 | 17 | 25.29 |
हर्षल पटेल | 13 | 16 | 26.87 |
गौरतलब है कि आरसीबी ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट (नाबाद 56 रन) के अर्धशतक से गुरुवार को यहां आईपीएल के पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स को 10 ओवर रहते आठ विकेट से हराकर तीन जून को होने वाले फाइनल में प्रवेश किया।
आईपीएल प्लेऑफ में यह बची हुई गेंद (60 गेंद) के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इस तरह आरसीबी ने चौथी दफा आईपीएल फाइनल में जगह बनाई। यह 2016 के बाद उसका पहला फाइनल होगा। पंजाब किंग्स को हारने के बावजूद फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा वह दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले एलिमिनेटर के विजेता से भिड़ेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।