धोनी-कोहली पर तो...BCCI पर भड़के वीरेंद्र सहवाग, दिग्वेश राठी के बैन को लेकर उठाया सवाल
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व धाकड़ ओपनर वीरेंद्र सहवाग बीसीसीआई पर भड़क उठे हैं। सहवाग ने यह सवाल राठी पर एक मैच के प्रतिबंध के बाद उठाया है। वीरू ने आगे कहाकि धोनी और कोहली के ऊपर तो कभी प्रतिबंध नहीं लगाया गया।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व धाकड़ ओपनर वीरेंद्र सहवाग बीसीसीआई पर भड़क उठे हैं। सहवाग ने यह सवाल राठी पर एक मैच के प्रतिबंध के बाद उठाया है। वीरू ने आगे कहाकि धोनी और कोहली के ऊपर तो कभी प्रतिबंध नहीं लगाया गया। गौरतलब है कि लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मैच में दिग्वेश राठी और अभिषेक शर्मा के बीच भिड़ंत हो गई थी। अभिषेक को आउट करने के बाद दिग्वेश ने उन्हें बाहर जाने का इशारा किया था। इसके बाद अभिषेक ने भी उन्हें जवाब दिया था। बाद में बीसीसीआई ने दिग्वेश पर एक मैच का प्रतिबंध और अभिषेक पर मैच फीस का जुर्माना लगाया था।
पहला आईपीएल खेल रहे हैं राठी
इसको लेकर वीरेंद्र सहवाग ने कहाकि दिग्वेश पर प्रतिबंध कुछ ज्यादा ही हो गया। उन्होंने कहाकि इससे पहले मैदान पर विवाद में एमएस धोनी और विराट कोहली जैसे बड़े नाम भी शामिल हुए हैं। लेकिन इन लोगों को कभी सस्पेंड नहीं किया गया। क्रिकबज पर बोलते हुए सहवाग ने कहाकि राठी अपना पहला आईपीएल खेल रहे हैं। एमएस धोनी तो मैदान में घुस गए थे, लेकिन उनके ऊपर प्रतिबंध नहीं लगाया गया। उन्होंने आगे कहाकि कोहली ने तो अंपायरों से कई बार अलग टोन में बात की है। वह भी पता नहीं कितनी बार। लेकिन उनके ऊपर भी कभी प्रतिबंध नहीं लगाया गया। ऐसे में दिग्वेश राठी जैसे युवा पर प्रतिबंध लगाया जाना ठीक नहीं लगता।
धोनी-कोहली का क्या है मामला
सहवाग धोनी के मैदान में घुसने की जिस घटना की बात कर रहे हैं वह मामला है साल 2019 का। सीएसके उस मैच में लक्ष्य का पीछा कर रही थी। तब एक गेंद को नो-बॉल दे दिया गया था। इस फैसले पर अंपायर से बहस करने के लिए धोनी मैदान में पहुंच गए थे। बाद में धोनी के ऊपर मैच फीस का 50 फीसदी जुर्माना लगाया गया था। वहीं, 18 साल के करियर में विराट कोहली कई बार मैदान पर उलझ चुके हैं। लेकिन उनके ऊपर भी कभी प्रतिबंध नहीं लगाया गया।
लेकिन यह भूल गए सहवाग
वीरेंद्र सहवाग की बात अपनी जगह है, लेकिन वह एक बात भूल गए। दिग्वेश राठी सिर्फ अभिषेक शर्मा से उलझने पर सस्पेंड नहीं हुए। इससे पहले वह लेवल-1 के दोष के लिए तीन डिमेरिट अंक हासिल कर चुके थे। इनमें से ज्यादातर बार तो उनका नोटबुक सेलिब्रेशन उनके लिए खतरा बना। अभिषेक से उलझना उनका तीसरा अपराध था, जिसके बाद सीजन में उनके कुल डिमेरिट प्वॉइंट्स हो गए थे। वहीं, धोनी और कोहली के मामले में डिमेरिट प्वॉइंट्स का आंकड़ा कभी पांच तक नहीं पहुंचा था। इसके चलते उन्हें कभी सस्पेंड नहीं किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।