सचिन के धाकड़ क्लब में शामिल हुए सूर्यकुमार यादव, IPL में सिर्फ 5 भारतीय ही जीत पाए ये अवॉर्ड
Suryakumar Yadav IPL 2025 Most valuable player: सूर्यकुमार यादव ने मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर अवॉर्ड जीतकर सचिन तेंदुलकर के धाकड़ क्लब में एंट्री की है। उन्होंने 18वें सीजन में 700 प्लस रन बनाए।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आईपीएल चैंपियन बन गई है। आरसीबी ने पंजाब किंग्स को मात देकर पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती। 18वां सीजन समाप्त होने के बाद अलग-अलग अवॉर्ड्स के विजेता की घोषणा हुई। इसी कड़ी में मुंबई इंडियंस (एमआई) के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के हाथ एक बड़ा अवॉर्ड लगा। वह आईपीएल 2025 के मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) बने। 34 वर्षीय सूर्या ने यह अवॉर्ड जीतकर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के धाकड़ क्लब में एंट्री कर ली है। वह आईपीएल में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर पुरस्कार हासिल करने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
सचिन एमवीपी अवॉर्ड जीतने वाले पहले भारतीय थे। उन्होंने 2010 में एमआई के लिए 15 मैचों में 618 रन बनाए और ऑरेंज कैप भी हासिल की। आरसीबी का हिस्सा विराट कोहली ने 2016 में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर के साथ-साथ ऑरेंज कैप अवॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने सीजन में 16 मैचों में 973 रन जुटाए थे। तेज गेंदबाज हर्षल पटेल आईपीएल 2021 में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर थे। उन्होंने 15 मैचों में 32 विकेट लिए। उन्होंने पर्पल कैप पर भी कब्जा जमाया। हर्षल तब आरसीबी में थे। लिस्ट में चौथा नाम गुजरात टाइटंस (जीटी) के शुभमन गिल का है, जो 2023 में एमवीपी बने। उन्होंने 17 मैचों में 809 रन बनाकर ऑरेंज कैप भी जीती।
सूर्या ने 18वें सीजन में कमाल का प्रदर्शन किया। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 16 मैचों में 65.18 की औसत से 717 रन बनाए। उनके बल्ले से पांच अर्धशतकीय पारियां निकलीं। सूर्यकुमार ऑरेंज कैप जीतने से महज 43 रनों से चूक गए। मुंबई इंडियंस का सफर क्वालीफायर-2 में खत्म हो गया था। आईपीएल 2025 में जीटी के ओपनर साई सुदर्शन ने 759 रन जोड़कर ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने 15 मैचों में एक शतक और 6 अर्धशतक लगाए। जीटी को एलिमिनेटर में मुंबई ने हराया था। कोहली तीसरे स्थान पर रहे, जिन्होंने 15 मैचों में 657 रन जुटाए।