6500 KM की यात्रा, राजाओं की तरह स्वागत; घोड़े पर सवार होकर मक्का पहुंचे हज यात्री
इस अनोखी यात्रा की तैयारी में चार साल लगे, जिसमें घोड़े पालने, अभ्यास यात्रा करने और फंड इकट्ठा करने जैसे कई चरण शामिल थे। उन्होंने अक्टूबर 2024 में दक्षिणी स्पेन से घोड़े लेकर प्रस्थान किया।

इस वर्ष हज के लिए सऊदी अरब पहुंचे 15 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों में से सिर्फ तीन ऐसे थे जिन्होंने यह यात्रा घोड़े की पीठ पर तय की। वह भी स्पेन से मक्का तक लगभग 4,000 मील का सफर पूरा कर तीनों हज के लिए पहुंचे। तीनों स्पेनिश मुस्लिम तीर्थयात्री अब्देलकादेर हर्कासी आइदी, अब्दुल्ला राफाएल हर्नान्देज़ मानचा और तारिक रोड्रिग्ज ने इस ऐतिहासिक यात्रा को “हज ऑन हॉर्सबैक” नाम दिया है।
इस अनोखी यात्रा की तैयारी में चार साल लगे, जिसमें घोड़े पालने, अभ्यास यात्रा करने और फंड इकट्ठा करने जैसे कई चरण शामिल थे। उन्होंने अक्टूबर 2024 में दक्षिणी स्पेन से घोड़े लेकर प्रस्थान किया और 12 देशों से होते हुए मक्का पहुंचे। रास्ते में इटली के बर्फीले टनलों, बोस्निया के बारूदी सुरंगों से भरे इलाकों, और सीरिया के युद्ध प्रभावित क्षेत्रों से गुजरते हुए उन्हें कई जानलेवा कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया से मिली ताकत
इस यात्रा को सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता मिली। 345,000 से ज्यादा इंस्टाग्राम फॉलोअर्स, 250,000 से अधिक TikTok फॉलोअर्स और 5.5 लाख से अधिक व्यूज हैं। कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए। लोगों ने खाना, रहने की जगह और आर्थिक सहायता दी। एक अमेरिकी कलाकार ने उनके लिए अरबी शैली में एक प्रतीक चिन्ह भी डिजाइन किया।
हर देश में सीमाओं पर परेशानी हुई। घोड़ों को अलग करना पड़ा। स्थानीय घोड़े उधार लेने पड़े। कभी-कभी अधिकारियों की अनुमति लेना कठिन हो गया। फिर भी हर देश में मिले सामान्य लोगों के स्नेह और मदद ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया।
मक्का पहुंचने पर हुआ स्वागत
सऊदी अरब में अधिकारियों ने इन तीर्थयात्रियों का स्वागत राजाओं की तरह किया। मक्का पहुंचने के बाद उन्होंने लिखा, “शब्दों में वह भावना नहीं समा सकती जो हमें यहां खड़े होकर महसूस हो रही है। हम प्रार्थना करते हैं कि हर मुसलमान को यह अवसर प्राप्त हो।” अब यह तीर्थयात्री अपनी इस यात्रा पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाने की योजना बना रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।