दिल्ली के लिए कूल-कूल वाली न्यूज; आज 60 की स्पीड वाली हवाओं संग बारिश के आसार, 17 तक कैसा हाल
भीषण गर्मी और लू का सामना कर रही दिल्ली में आज मौसम बदलने से लोगों को थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और शाम या रात तक बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

भीषण गर्मी और लू का सामना कर रही राजधानी दिल्ली में आज मौसम बदलने से लोगों को थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और शाम या रात तक बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। आज अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
14 जून से कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 13 जून से लू की तीव्रता कम होने की उम्मीद है, जिससे ‘रेड अलर्ट’ की जगह ‘ऑरेंज अलर्ट’ ले सकता है। वहीं, दिल्ली में 14-17 जून तक तापमान में गिरावट से पारा 37-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे गर्मी से जुड़ी दिक्कतें भी कम हो सकती हैं।
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा, ‘‘गुरुवार तक भीषण गर्मी जारी रहने की उम्मीद है। 13 जून की रात से पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है, जिससे दिल्ली में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।’’

दिल्ली में आज के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी
बता दें कि, दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके मद्देनजर आईएमडी ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस से 45.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। शाम 5:30 बजे आयानगर 45.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, इसके बाद पालम में 44.5 डिग्री सेल्सियस, रिज क्षेत्र 43.6 डिग्री सेल्सियस, पीतमपुरा 43.5 डिग्री सेल्सियस, लोदी रोड 43.4 डिग्री सेल्सियस, मयूर विहार 40.9 डिग्री सेल्सियस और सफदरजंग में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी की बुलेटिन में कहा गया है कि ये तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक हैं, जिससे 12 जून तक लगातार लू चलने की संभावना है।
‘रेड अलर्ट’ उच्चतम स्तर की चेतावनी है जिसके तहत निवासियों को ‘कदम उठाने’, पानी पीते रहने, सीधे धूप में निकलने से बचने और दोपहर के वक्त बाहरी गतिविधियां कम करने की सलाह दी जाती है।