ट्रॉली बैग में भरा और फिर आइसक्रीम फ्रिजर में रखा शव; लव ट्रांएगल में हुआ खौफनाक कत्ल
यह हत्याकांड त्रिपुरा में हाल के दिनों में सामने आए आपराधिक मामलों में एक और चौंकाने वाली घटना है। कुछ ही दिनों पहले पड़ोसी राज्य मेघालय में एक हनीमून हत्या का मामला सामने आया था, जिसने पूरे देश में हलचल मचा दी थी।

त्रिपुरा के धलाई जिले के गंडाचेरा बाजार में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। 24 वर्षीय युवक शरीफुल इस्लाम की गला घोंटकर हत्या कर दी गई और उसके शव को एक आइसक्रीम फ्रीजर में छिपा दिया गया। इस जघन्य अपराध में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक डॉक्टर और उसके माता-पिता भी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में इस हत्या का कारण लव ट्राएंगल बताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, शरीफुल इस्लाम अगरतला स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में इलेक्ट्रीशियन के रूप में कार्यरत थे। उसका एक 20 वर्षीय युवती के साथ प्रेम संबंध था। दूसरी ओर, युवती का चचेरा भाई, डॉ. दिबाकर साहा (28), भी उसी युवती से प्रेम करता था। इस लव ट्राएंगल के चलते दिबाकर ने शरीफुल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए झगड़े के बाद से प्रेमी युगल एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे थे और चचेरे भाई को इसकी भनक लग गई।
पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण कुमार ने बताया कि 8 जून की रात को दिबाकर ने शरीफुल को दक्षिण इंद्रनगर में जॉयदीप दास के घर पर गिफ्ट देने के बहाने बुलाया। वहां पहुंचने पर दिबाकर ने अपने साथियों- जॉयदीप दास (20), अनिमेष यादव (21), और नबनिता दास (25) के साथ मिलकर शरीफुल का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद, शव को एक ट्रॉली बैग में पैक किया गया और उसे दूसरी जगह ले जाया गया।
शव को छिपाने की साजिश
9 जून को दिबाकर के माता-पिता, दीपक साहा (52) और देबिका साहा (40), गंडाचेरा से एक वाहन लेकर अगरतला पहुंचे। उन्होंने शव को, जो पहले एक रेफ्रिजरेटर में रखा गया था, उसे गंडाचेरा ले जाकर अपने आइसक्रीम की दुकान पर फ्रीजर में छिपा दिया। यह दुकान अगरतला से लगभग 120 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने बताया कि दिबाकर ने हत्या से दो दिन पहले ही एक सूटकेस खरीदा था, जिसमें शरीफुल का शव पैक किया गया।
पुलिस की जांच और गिरफ्तारी
शरीफुल के परिवार द्वारा गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के बाद त्रिपुरा पुलिस ने जांच शुरू की। तीन दिन की गहन जांच के बाद, बुधवार को पुलिस ने गंडाचेरा बाजार में फ्रीजर से शव बरामद किया। जांच के दौरान पुलिस को शरीफुल और युवती के बीच प्रेम भरे संदेशों के सबूत मिले, जिससे लव ट्राएंगल की पुष्टि हुई। पुलिस ने छह आरोपियों- डॉ. दिबाकर साहा, उसके माता-पिता दीपक साहा और देबिका साहा, नबनिता दास, जॉयदीप दास, और अनिमेष यादव को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल सभी छह आरोपी अपनी भूमिका स्वीकार कर चुके हैं। दिबाकर साहा पेशे से डॉक्टर है और उसने बांग्लादेश से MBBS किया है। वह इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है।
क्षेत्र में सनसनी
यह हत्याकांड त्रिपुरा में हाल के दिनों में सामने आए आपराधिक मामलों में एक और चौंकाने वाली घटना है। कुछ ही दिनों पहले पड़ोसी राज्य मेघालय में एक हनीमून हत्या का मामला सामने आया था, जिसने पूरे देश में हलचल मचा दी। इस घटना ने एक बार फिर लव ट्राएंगल से उत्पन्न होने वाली हिंसक घटनाओं पर सवाल उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक किरण कुमार ने कहा, “यह एक दुखद और जघन्य अपराध है। हमारी जांच जारी है, और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी दोषियों को कड़ी सजा मिले।”