PM Modi reached Cyprus President Nikos gave him a red carpet welcome at the airport साइप्रस पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति निकोस ने एयरपोर्ट पर किया रेड कार्पेट स्वागत; खास है यह दौरा, International Hindi News - Hindustan
Hindi Newsविदेश न्यूज़PM Modi reached Cyprus President Nikos gave him a red carpet welcome at the airport

साइप्रस पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति निकोस ने एयरपोर्ट पर किया रेड कार्पेट स्वागत; खास है यह दौरा

PM Modi: प्रधानमंत्री मोदी रविवार को तीन देशों के दौरे के पहले चरण में साइप्रस पहुंच गए हैं। यहां पर साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस ने एयरपोर्ट पर रेड कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत किया।

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तानSun, 15 June 2025 06:31 PM
share Share
Follow Us on
साइप्रस पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति निकोस ने एयरपोर्ट पर किया रेड कार्पेट स्वागत; खास है यह दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय यात्रा पर साइप्रस पहुंचे हैं। साइप्रस में उनके स्वागत के लिए वहां के राष्ट्र्पति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस खुद एयरपोर्ट पर आए, जहां पीएम मोदी का रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत किया गया। पीएम मोदी तीन देशों के दौरे के पहले चरण में साइप्रस पहुंचे हैं। यहां पर वह दोनों देशों के बीच में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति निकोस के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 15 और 16 जून को साइप्रस में ही रहेंगे। इसके बाद वह यहां से 17 जून को कनाडा के लिए उड़ान भरेंगे, जहां वह जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद वह क्रोएशिया जाएंगे।

पीएम मोदी ने साइप्रस में हुए स्वागत की जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी दी। उन्होंने लिखा कि साइप्रस पहुंच गया हूं। एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत करने के विशेष भाव के लिए साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलिडेस का आभार। यह यात्रा भारत और साइप्रस संबंधों को महत्वपूर्ण गति प्रदान करेगी। विशेष रूप से व्यापार, निवेश और अन्य क्षेत्रों में।"

इससे पहले साइप्रस के लिए रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने नई दिल्ली में कहा था कि साइप्रस एक करीबी मित्र देश है इसके साथ ही यह एक भूमध्यसागरीय क्षेत्र और यूरोपीय संघ में भी एक महत्वपूर्ण साझेदार है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर कहा, “साझा मूल्यों और आकांक्षाओं से युक्त एक विश्वसनीय साझीदारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साइप्रस में पहुंच गए हैं। गहरे ऐतिहासिक संबंधों को प्रतिबिंबित करने वाले एक विशेष संकेत के रूप में राष्ट्रपति क्रिस्टोडोलिड्स और विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटीनोस कॉम्बोस ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया । द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए व्यापक चर्चाएं होनी हैं।”

खास है पीएम मोदी का यह दौरा

आपको बता दें पीएम मोदी का यह साइप्रस दौरा अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण समय में हुआ है। पीएम मोदी के साइप्रस के इस दौरे से ऑपरेशन सिंदूर के समय पाकिस्तान का साथ देने वाले तुर्किए को भी एक संदेश देने की कोशिश है। दरअसल, तुर्किए और साइप्रस के बीच में 1974 से ही विवाद चल रहा है। तुर्किए ने साइप्रस के एक हिस्से पर कब्जा करके उसे उत्तरी साइप्रस घोषित कर दिया था। वह लगातार पाकिस्तान के साथ मिलकर इसे मान्यता दिलवाने की कोशिश करता रहता है।

साइप्रस जाने वाले पीएम मोदी भारत के तीसरे प्रधानमंत्री हैं। इसके पहले इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री के रूप में साइप्रस दौरे पर जा चुके हैं। दोनों ही देशों के कूटनीतिक रिश्ते हमेशा मजबूत रहे हैं। साइप्रस सरकार शुरुआत से भी भारत को अपना मित्र देश मानती रही है। लेबनान और लीबिया संकट के समय वहां फंसे भारतीयों को निकालने के लिए साइप्रस सरकार ने भारत की मदद की थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।