Why German Chancellor Friedrich Merz gifts Donald Trump his grandfather birth certificate जर्मनी के चांसलर ने ट्रंप को गिफ्ट किया उनके दादा का जन्म प्रमाणपत्र, क्या कनेक्शन? खुश हुए राष्ट्रपति, International Hindi News - Hindustan
Hindi Newsविदेश न्यूज़Why German Chancellor Friedrich Merz gifts Donald Trump his grandfather birth certificate

जर्मनी के चांसलर ने ट्रंप को गिफ्ट किया उनके दादा का जन्म प्रमाणपत्र, क्या कनेक्शन? खुश हुए राष्ट्रपति

जर्मन चांसलर ने ट्रंप को उनके दादा फ्रेडरिक का जन्म प्रमाण पत्र भेंट किया। यह उपहार दोनों देशों के साझा इतिहास को दर्शाता है और ट्रंप को उनके पैतृक गांव काल्स्टाट की यात्रा के लिए आमंत्रित किया गया।

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, वाशिंगटनFri, 6 June 2025 08:20 AM
share Share
Follow Us on
जर्मनी के चांसलर ने ट्रंप को गिफ्ट किया उनके दादा का जन्म प्रमाणपत्र, क्या कनेक्शन? खुश हुए राष्ट्रपति

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिख मर्ज ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी पहली आधिकारिक मुलाकात के दौरान एक अनोखा और भावनात्मक तोहफा दिया। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के दादा फ्रेडरिक ट्रंप का जन्म प्रमाणपत्र सुनहरे फ्रेम में सजा कर गिफ्ट दिया। यह मुलाकात वॉशिंगटन स्थित व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में हुई।

मर्ज ने मीडिया के सामने ट्रंप को यह गिफ्ट सौंपते हुए कहा, “यह डोनाल्ड ट्रंप के दादा का जन्म प्रमाणपत्र है। इनका जन्म 1869 में ब्रांडेनबर्ग के पास हुआ था और इनका नाम भी फ्रेडरिक था।” ट्रंप ने मर्ज से गर्मजोशी से हाथ मिलाया और इस तोहफे के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “मैं आपका इसके लिए धन्यवाद करता हूं। शानदार तोहफा है। हमें इसे कहीं अच्छी जगह पर लगाना चाहिए।”

फ्रेडरिक ट्रंप का जन्म 14 मार्च 1869 को जर्मनी के बवेरिया क्षेत्र में कैलस्टाड्ट गांव में हुआ था। वे 1885 में अमेरिका आ गए थे और शुरू में कई छोटे-मोटे काम किए। बाद में उन्होंने रियल एस्टेट कारोबार शुरू किया, जिसने ट्रंप परिवार की व्यावसायिक नींव रखी। फ्रेडरिक की मृत्यु 1918 में न्यूयॉर्क के क्वींस में फ्लू महामारी के दौरान हुई थी।

इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन संकट, व्यापार, और अमेरिकी सेनाओं की मौजूदगी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि यह बैठक अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रही, जबकि इससे पहले व्हाइट हाउस में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ ट्रंप की बैठकें तीखी बहसों के लिए जानी जाती हैं।

ये भी पढ़ें:क्या है कुख्यात इप्सटन फाइल्स, जिसका हवाला देकर ट्रंप पर हमलावर हैं एलन मस्क
ये भी पढ़ें:एलन मस्क को तुरंत डिपोर्ट करो, जुबानी जंग के बीच ट्रंप को किसने दी ऐसी सलाह?
ये भी पढ़ें:ट्रंप के खिलाफ महाभियोग चाहते हैं एलन मस्क, बोले- जेडी वेंस बनें राष्ट्रपति

ट्रंप ने मर्ज को "एक अच्छा प्रतिनिधि और थोड़ा टफ शख्स" बताया। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेनाएं जर्मनी में बनी रहेंगी और उन्होंने बर्लिन द्वारा रक्षा खर्च बढ़ाने के वादे का स्वागत किया। मर्ज ने नॉर्ड स्ट्रीम 2 गैस पाइपलाइन को एक गलती बताया, जिस पर ट्रंप पहले से ही आपत्ति जताते रहे हैं। उन्होंने अमेरिका के साथ संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

ट्रंप ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ ओवल ऑफिस में बैठक के दौरान यूक्रेन में युद्ध की तुलना दो बच्चों के बीच लड़ाई से की, जो एक-दूसरे से नफरत करते हैं। रूस ने 2022 की शुरुआत में यूक्रेन पर आक्रमण किया था। ट्रंप ने कहा, “कभी-कभी उन्हें कुछ देर तक लड़ने देना और फिर उन्हें अलग कर देना बेहतर होता है।” अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने बुधवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर बातचीत में इस बात को दोहराया था। ट्रंप ने प्रतिबंधों की धमकी को अभी भी बरकरार रखा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन और रूस, दोनों पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। ट्रंप ने कहा, “जब मैं देखूंगा कि युद्ध रुकने वाला नहीं है तो हम बेहद कठोर रुख अपनाएंगे।”

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।