पंचायत सचिव की मौत के विरोध में गोमिया में कर्मचारियों का काला बिल्ला लगाकर प्रदर्शन
गोमिया झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में सोमवार को गोमिया

झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में सोमवार को गोमिया प्रखंड कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन गिरिडीह जिला के डुमरी प्रखंड में पदस्थापित पंचायत सचिव सुखलाल महतो की संदिग्ध आत्महत्या के विरोध में किया गया। बताया गया कि पंचायत सचिव सुखलाल महतो पर प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा एक पक्का मकान वाले व्यक्ति के नाम आवास स्वीकृत करने का दबाव डाला जा रहा था। लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने कीटनाशक खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बोकारो जिला अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के मंत्री विजय कुमार ने कहा कि अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों पर गलत कार्य का दबाव डालना बंद किया जाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि सुखलाल महतो को न्याय दिलाया जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो। प्रदर्शन में कनीय अभियंता अभय कुमार, राजेश कुमार, प्रवीण कुमार, गौतम, उत्तम, नगीना खातून, सचिन, रवि रंजन तिवारी, सोनू यादव समेत कई कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि आगे भी कर्मचारियों को इस प्रकार प्रताड़ित किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।