बखरी गांव में ट्रैक्टर पलटने से अधेड़ की मौत
गौनाहा के बखरी गांव में ट्रैक्टर पलटने से 45 वर्षीय प्रमोद महतो की मौत हो गई। मिट्टी समतल करते समय ट्रैक्टर का चक्का धंस गया और वह नीचे दब गए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों...

गौनाहा। थाना क्षेत्र के बखरी गांव में शुक्रवार को ट्रैक्टर से मिट्टी समतल करने के दौरान ट्रैक्टर पलटने और उसकी चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक की पहचान बखरी गांव निवासी रामदेव महतो के पुत्र प्रमोद महतो 45 के रूप में की गयी है। जानकारी के अनुसार, गांव के विजय महतो के घर की नींव की भराई के लिए दरवाजे पर मिट्टी गिरायी गयी थी। इसको ट्रैक्टर के लेवलर से समतल किया जा रहा था। इसी दौरान मिट्टी में ट्रैक्टर का चक्का धंस गया और ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में प्रमोद महतो ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। ट्रैक्टर से आग और धुआं निकलने लगा जिससे बचाव कार्य में थोड़ी देरी हुई। बाद में किसी तरह ट्रैक्टर को जब सीधा कर उन्हें बाहर निकाला गया तो उनकी हालत बिगड़ चुकी थी। गंभीर हालत में उनको अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रमोद महतो अपने पीछे पत्नी रंजू देवी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। गौनाहा थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया की मामले की जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।