बाईपीड़ चौक के पास बाइक ने ऑटो को मारी टक्कर, तीन घायल
चक्रधरपुर में तेज रफ्तार बाइक ने ऑटो को टक्कर मारी, जिसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और ऑटो में सवार दो यात्री भी घायल हो गए। सभी घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती किया गया है।...

चक्रधरपुर, संवाददाता। चक्रधरपुर प्रखंड के बांझीकुसुम-झरझरा मुख्य मार्ग के बाईपीड़ चौक के पास सोमवार को तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि ऑटो में सवार दो यात्री भी घायल हो गए। सभी घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया गया। जानकारी के अनुसार सोनुवा प्रखंड के देवांवीर गांव निवासी विक्रम कुंकल, मेचो सामड परिवार के अन्य लोगों के साथ ऑटो में सवार होकर केरा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। जबकि विपरीत दिशा से एक बाइक सवार तेज रफ्तार से आया और ऑटो में टक्कर मारा।
चिकित्सक ने बताया कि बाइक सवार युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। सर और नाक में गंभीर चोट लगने के कारण रक्तस्राव बंद नहीं हो रहा है। जानकारी के अनुसार युवक सोनुवा थाना क्षेत्र के वैधमारा गांव का निवासी बताया जा रहा है। इधर गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एम्बुलेंस में झामुमो नेता दिनेश जेना ने उसे सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। साथ ही उसके परिवार को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।