गाने की फरमाइश को लेकर बस्ती में जमकर चले लाठी-डंडे-पत्थर, 2 गाड़ियां जलाईं; 9 घायल
लाठी-डंडे और रॉड से दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। जमकर ईंट-पत्थर भी चले। इस बीच एक बोलेरो और एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया। घटना में 9 लोग घायल हो गए। बवाल के चलते बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर आवागमन करीब दो घंटे तक बंद रहा।

यूपी के बस्ती में नाच में गाने की फरमाइश को लेकर बवाल हो गया। सोमवार की देर रात दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडे और रॉड से दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला किया। जमकर ईंट-पत्थर भी चले। इस बीच एक बोलेरो और एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया। घटना में नौ लोग घायल हो गए। बवाल के चलते बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर आवागमन करीब दो घंटे तक बंद रहा। सूचना पाकर पुलिस फोर्स संग पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। एसपी अभिनंदन ने बताया कि सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार 14 मई को सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज थाने के मधुनगर गांव में नाच हो रहा था। जिसमें पड़ोसी गांव बगडिहवा व मडहिला गांव के लोग भी नाच देखने गए थे। उसी दौरान नाच मे किसी गाने की फरमाइश पर दोनों गांवों के दो गुटों के लोगों के बीच मारपीट हो गई थी। जिसके बाद डुमरियागंज थाने में एसएचओ श्रीप्रकाश यादव ने दोनों पक्षों का समझौता करा दिया गया था। इसी घटना की रंजिश को लेकर सोमवार की देर रात सोनहा थाने के दुबौली पड़ाव स्थित एक चाय की दुकान पर दो गुटों के लोग एक बार फिर आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों गुटों के लोगों ने फोन कर अपने-अपने गांव से लोगों को बुला लिया। दोनों गांव से काफी संख्या में लोगों के पहुंचने के बाद घमासान शुरू हो गया।
लोगों ने लाठी-डंडे, लोहे के रॉड और ईंट-पत्थर से एक दूसरे पर प्रहार किया। इसमें दोनों गुटों के नौ लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। इस दौरान एक गुट के लोगों ने एक बाइक और एक बोलेरो में आग लगा दी। लोहे की रॉड से पीटकर दो बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर चले रहे बवाल के चलते दोनों तरफ वाहनों का लम्बा जाम लग गया। किसी ने आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं की। करीब एक घंटे बाद फायर बिग्रेड की टीम पहुंची और वाहनों में लगी आग को बुझाई। इधर हिंसक झड़प की सूचना पर एसपी अभिनंदन, एएसपी ओपी सिंह, सीओ स्वर्णिमा सिंह के साथ ही विभिन्न थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
इन लोगों की पुलिस ने की गिरफ्तारी
एसपी के अनुसार हिंसक झड़प करने और आगजनी की घटना में आरोपी आसिस कुमार चौधरी, रामनगेश अग्रहरि, धर्मेन्द्र शर्मा, अमजद, शिवम निवासीगण बगडीहवा थाना डुमरियागंज जनपद सिद्धार्थनगर के अलावा अमरजीत और जावेद की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष की पहचान और गिरफ्तारी की जा रही है। इस संबंध में थाना सोनहा पर उचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।