Deoghar Municipal Pump Operators Suspend Strike After Positive Talks Water Supply Resumes पंप चालकों व निगम में सहमति, हड़ताल 25 जून तक स्थगित, Deogarh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsDeogarh NewsDeoghar Municipal Pump Operators Suspend Strike After Positive Talks Water Supply Resumes

पंप चालकों व निगम में सहमति, हड़ताल 25 जून तक स्थगित

देवघर में पिछले पांच वर्षों से ईपीएफ की राशि जमा नहीं होने और अन्य मांगों को लेकर 80 पंप चालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की। नगर निगम प्रशासन के साथ वार्ता के बाद पंप चालकों ने अपनी हड़ताल 25 जून तक...

Newswrap हिन्दुस्तान, देवघरThu, 19 June 2025 04:52 AM
share Share
Follow Us on
पंप चालकों व निगम में सहमति, हड़ताल 25 जून तक स्थगित

देवघर, प्रतिनिधि। पिछले पांच वर्षों से ईपीएफ की राशि जमा नहीं होने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए नगर निगम के 80 पंप चालकों की समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को नगर निगम प्रशासन के साथ वार्ता हुई। सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार से हुई इस वार्ता को पंप चालकों ने सकारात्मक और संतोषजनक बताया। वार्ता के बाद पंप चालकों ने फिलहाल 25 जून तक के लिए अपनी हड़ताल स्थगित कर दी है। पंप चालकों ने बताया कि नगर आयुक्त रोहित कुमार सिन्हा वर्तमान में रांची में हैं। उनके लौटने के बाद 26 जून को पंप चालकों की नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अन्य अधिकारियों के साथ पुनः वार्ता होगी।

पंप चालकों ने स्पष्ट किया है कि अगर 26 जून को होने वाली वार्ता में उनकी मांगों पर सहमति बनती है और समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाता है, तो वे हड़ताल को पूरी तरह समाप्त कर देंगे। लेकिन अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो सभी पंप चालक पुनः हड़ताल पर चले जाएंगे। बता दें कि मंगलवार को 80 पंप चालकों के हड़ताल पर चले जाने के कारण शहर की जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। इस भीषण गर्मी में पानी के संकट ने शहरवासियों की परेशानियों को कई गुना बढ़ा दिया था। नगर निगम के जलापूर्ति तंत्र का संचालन मुख्य रूप से यही पंप चालक करते हैं, जिनके कार्य से शहर के लाखों लोगों को पेयजल मिलता है। ऐसे में इनकी हड़ताल से पूरा सिस्टम अस्त-व्यस्त हो गया। पंप चालकों का कहना है कि लंबे समय से वे अपनी समस्याओं को लेकर नगर निगम प्रशासन के समक्ष गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। फिलहाल बुधवार को सभी पंप चालक वापस अपने कार्य पर लौट गए हैं, जिससे शहर में जलापूर्ति की व्यवस्था फिर से सुचारू होने लगी है। अब सभी की निगाहें 26 जून को होने वाली निर्णायक वार्ता पर टिकी हुई हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।