खराब ट्रांसफॉर्मर हटाने के लिए विभाग के पास मात्र एक क्रेन
धनबाद में गर्मी में बिजली संकट बढ़ रहा है। पिछले 25 दिनों में 70 ट्रांसफार्मर खराब हुए हैं। विभाग के पास केवल एक क्रेन है, जिससे ट्रांसफार्मर को बदलने में परेशानी हो रही है। शहरी क्षेत्रों में बिजली...

धनबाद, संवाददाता। धनबाद शहरी क्षेत्रों में आठ-दस लाख आबादी है, जहां तीन सौ से अधिक ट्रांसफॉर्मर लगे हैं। किसी कारण ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ जाए तो विभाग के पास ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे लोगों को तुरंत बिजली मिल सके। बिजली विभाग के पास मात्र एक क्रेन वाहन है, जिससे खराब ट्रांसफॅार्मर हटाकर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर निजी वाहन से नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जा रहा है। भीषण गर्मी में हर दिन दो-तीन ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ रही है, जिसे बदलने में विभागीय अधिकारी से लेकर कर्मचारियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। 25 दिनों में 70 ट्रांसफॉर्मर में आयी खराबी: 25 दिनों में 70 ट्रांसफॉर्मरों में खराबी आयी है। इस कारण भीषण गर्मी में लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। विभाग के पास मात्र एक क्रेन है, जिससे ट्रांसफॉर्मर पोल पर चढ़ाया जा रहा और खराब ट्रांसफॉर्मर हटाकर टीआरडब्ल्यू में लाया जा रहा है। एक क्रेन के भरोसे विभाग इस गर्मी में अपना काम करा रहा है, जबकि हर क्षेत्र में लोड बढ़ा हुआ है, जिससे आए दिन ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ रही है। विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी समय पर समस्याएं दूर नहीं हो रही हैं। स्थिति यह है कि ट्रांसफॉर्मर हटाने में दो-तीन दिन लग रहे हैं। हाल के दिनों में गांधी नगर, मनईटांड़ माड़ी गोदाम व भूली की सरोवर कॉलोनी के ट्रांसफॉर्मर में खराबी आई थी। शहरी क्षेत्रों में तो दो दिन बाद ट्रांसफॉर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में तीन दिन बाद ट्रांसफॉर्मर लगाकर चौथे दिन आपूर्ति बहाल की गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।