गांधी नगर का किशोर मनईटांड़ के कुएं में डूबा
धनबाद के गांधी नगर में 17 वर्षीय प्रीतम पांडेय एक कुएं में डूब गया। वह फुटबॉल खेलने के लिए घर से निकला था। उसके दोस्तों ने कुएं में खेलते समय उसे डूबते देखा और भाग गए। जब उसके परिवार को घटना की...

धनबाद। गांधी नगर का एक किशोर गुरुवार की दोपहर को मनईटांड़ भोक्ता मंदिर के पास स्थित एक कुआं में डूब गया। फुटबॉल खेलने की बात कह कर प्रीतम पांडेय (17 वर्ष) अपने घर से निकला था। कुआं में डूबने के बाद प्रीतम के दोस्त वहां से निकल गए। घटना की जानकारी पाकर उसके पिता गजानंद पांडेय, मां व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। शव से लिपट कर माता-पिता दहाड़ मार कर रोने लगे। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया है। प्रीतम ने इसी साल 10वीं की परीक्षा दी है। वह 11वीं का छात्र था। पिता ने बताया कि घर पर पूजा थी। वे लोग पूजा में व्यस्त थे। प्रीतम ने बताया था कि वह एक घंटे में खेल कर वापस लौट आएगा। जब उसके कोचिंग का समय हुआ तो घरवाले उसे ढूढ़ने लगे। उसका मोबाइल बंद मिला तो घरवालों को चिंता सताने लगी। दो घंटे बाद किसी ने बताया कि मनईटांड़ के एक कुआं में प्रीतम डूब गया है।
पानी में फुटबॉल से खेल रहे थे पांच लड़के: स्थानीय लोगों ने बताया कि इस कुएं में अक्सर लड़के नहाते हैं। गुरुवार को प्रीतम के साथ चार अन्य लड़के भी कुएं में नहाने पहुंचे थे। कुएं का मुंडेर काफी छोटा है। पानी में लड़के फुटबॉल लेकर खेल रहे थे। सभी बॉल को एक-दूसरे को एक-दूसरे को फेंक रहे थे। कुएं में गराई से बचने के लिए एक रस्सी भी बंधी थी। खेलने के दौरान ही प्रीतम पानी में डूब गया। मौके पर उपस्थित शप्पू महतो ने बताया कि चार लड़के हांफते हुए आए और कहा कि कुएं में एक लड़का डूब गया है। इसके बाद चारों वहां से निकल गए। शप्पू ने सक्रियता दिखाई और अन्य स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। पुलिस को भी खबर दी गई। आसपास के लोगों ने कुएं से प्रीतम को बाहर निकाला।
मृत बेटे को सीपीआर देते हुए फफक पड़े पिता: बेटे के डूबने की खबर पाकर प्रीतम के पिता भागते हुए घटना स्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचते हुए वे अपने पुत्र का सीना दबाने (सीपीआर देने) लगे। इसके बाद भी पुत्र के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो पिता फफक कर रो पड़े। प्रीतम की मां भी दौड़े-दौड़ पहुंचीं। वह शव से लिपट कर दहाड़ मार कर रोने लगीं। प्रीतम की दो बहनें हैं। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। पिता पुजारी हैं। माता-पिता को बिलखते देख आसपास के लोगों की भी आंखें नम हो गईं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।