ओजोन गैलेरिया में सीओ के भांजे को लगी गोली, असर्फी में भर्ती
धनबाद के सरायढेला स्थित ओजोन गैलेरिया में गुरुवार रात गोलीबारी से हड़कंप मच गया। गोली धनबाद सीओ के भांजे सुनील कुमार वर्णवाल को लगी, जब उनके दोस्त चंदन सिंह का लाइसेंसी पिस्टल गिरा। सुनील को असर्फी...

धनबाद, मुख्य संवाददाता। सरायढेला के ओजोन गैलेरिया में गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे फायरिंग की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। मॉल के चौथे तल पर एक बार-रेस्टोरेंट के बगल के टॉयलेट में चली गोली धनबाद सीओ शशिकांत सिकर के भांजे सुनील कुमार वर्णवाल के पेट को छूकर निकल गई। सुनील के दो सहयोगी उन्हें लेकर असर्फी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में सुनील ने पुलिस को बताया कि टॉयलेट में उनके दोस्त चंदन सिंह का लाइसेंसी पिस्टल जमीन पर गिरने से गोली चली और दुर्घटनावश उन्हें लग गई। पिस्टल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मनोरम नगर निवासी चंदन सिंह कोयला कारोबारी शिवनाथ सिंह के पुत्र हैं। चंदन सिंह बिल्डर हैं। रांची में भी उनका घर है। मॉल में गोली चलने की खबर धनबाद में जंगल में आग की तरह फैली। देखते ही देखते मॉल से लोग बाहर निकलने लगे। सरायढेला थाना प्रभारी नूतन मोदी और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
सीसीटीवी में टॉयलेट में दोनों के जाते-आते दिखा फुटेज: बार और सामने के लांज के सीसीटीवी फुटेज में पहले चंदन और पीछे से सुनील को टॉयलेट में जाते देखा गया। थोड़ी देर में दोनों टॉयलेट से बाहर आते भी दिखे। असर्फी अस्पताल में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर और धनबाद थाना प्रभारी राम नारायण ठाकुर ने सुनील और चंदन से पूछताछ की। दोनों ने घटना की पूरी जानकारी उन्हें दी।
बेसिन में मुंह धोने के दौरान गिरा पिस्टल और चली गोली: घायल सुनील ने असर्फी में इलाज के दौरान पुलिस को जो बयान दिया है, उसके अनुसार चंदन सिंह टॉयलेट के वॉश बेसिन में मुंह धो रहे थे। दाहिने हाथ में टंगे पिस्टल के होलस्टर से पिस्टल जमीन पर गिरा और गोली चल गई। गोली सुनील के पेट को छूती हुई निकल गई। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।
टॉयलेट और बरामदे में गिरी थी एक-एक गोली: घटना के बाद चंदन फौरन सुनील को लेकर वहां से निकले। आनन-फानन में निकलने के दौरान चंदन के होलस्टर से एक गोली टॉयलेट और एक गोली बरामदे में गिर गई। पुलिस ने दोनों गोलियों को भी जब्त कर लिया। बरामदे में दो-तीन बूंद खून भी गिरे थे। घटना की जानकारी पाकर सीओ शशिकांत सिकर सहित कई लोग असर्फी अस्पताल पहुंचे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।