हादसे में मधुबनी और पटना निवासी दो सगी बहनों की मौत, बच्चा गंभीर
धनबाद के नारायणपुर में एक तेज रफ्तार कार टायर ब्लास्ट होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दो बहनों की मौत हो गई। मृतक 85 वर्षीय गौरी देवी और 80 वर्षीय सीता देवी थीं। चार अन्य लोग घायल हुए हैं,...

धनबाद/नारायणपुर (जामताड़ा), हिटी टायर ब्लास्ट करने के कारण तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो सगी बहनों की मौत हो गई। कार में सवार चार अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। इसमें एक बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सोमवार की रात यह घटना जुम्मन मोड़ (दिघारी)-लोधरिया मुख्य सड़क पर जामताड़ा के नारायणपुर स्थित चंपापुर-बाबूडीह गांव के समीप हुई। मृतकों में 85 वर्षीया गौरी देवी बिहार के मधुबनी और 80 वर्षीया सीता देवी पटना के दीघा की रहने वाली थीं। दोनों अपने भाई के परिवार के साथ देवघर से पूजा कर धनबाद के न्यू कार्मिक नगर सरायढेला स्थित अपने मायके लौट रही थीं।
जानकारी के अनुसार सरायढेला स्थित न्यू कार्मिक नगर निवासी ब्रज किशोर लाल (65 वर्ष) अपनी बहन गौरी देवी और सीता देवी समेत पुत्र विशाल कुमार (42 वर्ष), पोता सार्थक (10 वर्ष) और भतीजी विभाग देवी (40 वर्ष) के साथ देवघर से धनबाद अपने घर लौट रहे थे। कार ब्रज किशोर ही चला रहे थे। जामताड़ा के नारायणपुर स्थित बाबूडीह गांव के पास उनकी कार का टायर ब्लास्ट कर गया। इससे कार अनियंत्रित हो गई। ब्रज किशोर के अनुसार काफी प्रयास के बाद भी वे कार को नियंत्रित नहीं कर सके और वह पलट गई। इस घटना में उनकी दोनों बहनें बेहोश हो गईं। कार में सवार सभी लोगों को चोट आई। हादसे के बाद सभी को लेकर वे धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने गौरी देवी और सीता देवी को मृत घोषित कर दिया। बच्चे सार्थक को भर्ती कर इलाज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बच्चे को बेहतर इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहीं अन्य घायलों का भी इलाज किया जा रहा था। ब्रज किशोर के फर्द बयान पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।