दुमका की विनीता इंदौर में आयोजित अंतरदेशीय मत्स्यिकी एवं जलकृषि सम्मेलन में हुई शामिल
दुमका की प्रगतिशील मत्स्यपालक विनीता कुमारी को इंदौर में आयोजित मत्स्यिकी एवं जलकृषि सम्मेलन में भाग लेने का अवसर मिला। विनीता ने झारखंड के स्टॉल पर मछली के व्यंजन प्रस्तुत किए और बताया कि कैसे...

दुमका, प्रतिनिधि। दुमका के टीन बाजार केवटपाड़ा की रहने वाली प्रगतिशील मत्स्यपालक विनीता कुमारी को मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित अंतरदेशीय मत्स्यिकी एवं जलकृषि सम्मेलन में शिरकत करने का अवसर मिला है। मत्स्यपालन व्यवसाय से जुड़ी विनीता प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की लाभुक है और दुमका में अच्छी व्यवसाय भी कर रही है। इस सम्मेलन में फिश क्योस्क में उसने झारखंड राज्य के स्टॉल में मछली के कई बेहतरीन व्यंजन को प्रस्तुत किया। साथ ही इस इलाके में उत्पादित मछलियों के मूल्य संवर्द्धन और भंडारण के आधुनिक तौर तरीके को प्रदर्शित कर पूरे देश को बताया कि छोटे स्तर पर भी कैसे बेहतर मत्स्य व्यवसाय से अच्छी आमदनी अर्जित कर महिलाएं आजीविका चला सकतीं है।
उसने झारखंड में उत्पादित मछलियों के व्यवसाय से आजीविका में आये बदलाव की जानकारी भी साझा की। इस अंतरदेशीय मत्स्यिकी एवं जलकृषि सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में भारत सरकार के मत्स्य, पशुपालन, गव्य विकास एवं पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल एवं जॉर्ज कुरियन के अलावा मध्य प्रदेश सरकार के विभागीय मंत्री नारायण सिंह पंवार, हरियाणा सरकार के मंत्री श्याम सिंह राणा, बिहार सरकार की मंत्री रेणु देवी, उत्तर प्रदेश के मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद ने भी शिरकत की थी। झारखंड से विभागीय सचिव अबु बकर सिद्दीक पी, निदेशक डा. एसएन द्विवेदी एवं उप निदेशक अमरेंद्र कुमार आदि पहुंचे हुए थे। केन्द्रीय मंत्री ने मस्त्य पालकों को उत्पादन व उत्पादकता को और बढ़ाने पर बल दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।