कुरुमगढ़ में विक्षिप्त ने टांगी से हमला कर महिला को मार डाला
चैनपुर प्रखंड के कमलपुर गांव में मानसिक रूप से विक्षिप्त बलिराम खड़िया ने टांगी से रीना देवी को मार डाला और खुद कुंए में कूद गया। पहले उसने दो महिलाओं और एक बच्चे को भी घायल किया। घायलों को इलाज के...

चैनपुर, प्रतिनिधि। चैनपुर प्रखंड के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलपुर गांव में शनिवार दोपहर एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बलिराम खड़िया ने टांगी से हमला कर 31 वर्षीय रीना देवी नामक महिला को मार डाला और खुद भी कुंए में कूद गया। इससे पूर्व विक्षिप्त ने दो महिलाओं महिलाओं और एक बच्चे को लाठी से घायल कर दिया। दोनो महिलाओं और चार वर्षीय अनुज खड़िया को स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए चैनपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घायलों को बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बलिराम ने सबसे पहले रास्ते में खेल रहे छोटे बच्चे अनुज खड़िया पर डंडे से हमला किया।
फिर जंगल में लकड़ी चुन रही दो महिलाओं को भी घायल कर दिया। इसके बाद वह रीना देवी के घर पहुंचा और पानी मांगने के बहाने घर में घुस कर टांगी से हमला कर दिया। जिससे रीना की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त रीना घर में अकेली थी। ग्रामीणों का कहना है कि बलिराम की मानसिक स्थिति पहले से ही ठीक नहीं थी। घटना को अंजाम देने के बाद वह खुद कुंए में कूद गया। जहां से पुलिस ने उसे बाहर निकालकर गिरफ्तार किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रीना देवी की मौत से गांव में शोक का माहौल है। उनके पति अनिल खड़िया तमिलनाडु में मजदूरी करते हैं और घटना की जानकारी मिलते ही घर लौटने के लिए रवाना हो गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।