बेंगाबाद ब्लॉक में आधार में सुधार नहीं होने से परेशान हैं ग्रामीण
बेंगाबाद ब्लॉक में कंप्यूटर सेट के अभाव के कारण आधार में सुधार या अपडेट का काम शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीडीओ को इस मामले की जानकारी दी गई है, लेकिन...

बेंगाबाद, प्रतिनिधि। कंप्यूटर सेट के अभाव मे बेंगाबाद ब्लॉक में आधार में सुधार या अपडेट करने का काम शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। फिर भी इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बतला दें कि सुदूरवर्ती गांवों से लोग यहां आधार में सुधार कराने या उसे अपडेट की उम्मीद लेकर आते हैं लेकिन प्रखंड कार्यालय की ओर से इसकी व्यवस्था उपलब्ध नहीं रहने से लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। बेंगाबाद बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू को यह मामला संज्ञान में दिया गया है। बेंगाबाद प्रमुख मीना देवी ने भी बीडीओ से इस सिलसिले में बात की है।
फिर भी आधार में सुधार का कार्य शुरू कराने की दिशा में कोई पहल नहीं हो सकी है। इस कारण कई लोगों के बैंक खाता तक बंद हो गए हैं। खासकर छात्रों को भी इससे भारी परेशानी हो रही है। फिर भी इस दिशा में सकारात्मक पहल नहीं हो रही है। इधर, कंप्यूटर ऑपरेटर का कहना है कि आधार में सुधार के लिए अलग से कंप्यूटर सेट नहीं रहने के कारण आधार पंजीयन का कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है। कहा कि लैपटॉप की भी व्यवस्था करा दी जाती तो आधार में सुधार या उसे अपडेट करने का कार्य शुरू कर दिया जाता लेकिन कंप्यूटर या लैपटॉप नहीं रहने के कारण काम बंद पड़ा है। जबकि बीडीओ ने प्रखंड के नाजीर को कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है लेकिन नाजीर राशि का अभाव होने की बात कह रहा है। बतला दें कि इसके पूर्व में बेंगाबाद ब्लॉक, बीआरसी कार्यालय, डाकघर और बैंक शाखा में भी आधार में सुधार की सुविधा उपलब्ध थी लेकिन शत प्रतिशत संस्थानों में एक साथ यह कार्य बंद हो गया है। जिससे दिक्कत बढ़ गई है। इससे त्रस्त लोग यहां बहुत परेशान हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।