चलती ट्रेन से बीवी को दिया धक्का, पुलिस को सुनाई अलग कहानी; झारखंड में कैसे खुला साजिश वाला खेल
झारखंड के लातेहार में एक शख्स ने अपनी ही पत्नी को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। शख्स ने जब पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई तो अलग ही कहानी बताई,लेकिन पुलिस ने मामले का सच उजागर कर दिया।

बीते दिनों झारखंड के लातेहार में एक महिला की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद पति ने थाने में पहुंचकर महिला की ट्रेन से गिरकर मौत बताते हुए मामला दर्ज करवाया था। जब पुलिस ने मामले की जांच की तो अलग ही कहानी सामने आई। महिला की ट्रेन से अपने आप गिरकर नहीं, बल्कि पति के धक्का देने के कारण नीचे गिरी थी, और मौत हो गई थी। आइए जानते हैं कि हैवान पति ने पुलिस को क्या कहानी बताई और पुलिस ने कैसे इस पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
कैसे हुआ साजिश का खुलासा
मामला लातेहार जिले के टोरी-चतरा स्टेशन के पास का है। यहां जूही देवी नाम की एक महिला का शव बरामद हुआ था। इस मामले में महिला के पति महादेव ने अपने गृह जिले गढ़वा के धुरकी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस दौरान महादेव ने पुलिस को अपनी साजिश वाली बनाई हुई कहानी सुनाई थी। महादेव ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी और वो ट्रेन से जा रहे थे, इस दौरान पत्नी जूही देवी की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। इसके बाद जीआरपी ने मामला दर्ज पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया था। पुलिस जांच की तो पता चला कि जूही की मौत दुर्घटना में नहीं बल्कि पति के धक्का देने के कारण हुई थी।
इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारी रणधीर सिंह ने बताया कि महादेव ने पत्नी की मौत की जो कहानी सुनाई थी, उसपर शक होने लगा था। जांच के दौरान महादेव से कड़ी पूछताछ की गई तो वो टूट गया। महादेव ने अपना गुनाह कबूल करते हुए पूरी साजिश की कहानी सुना दी। महादेव ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण उसने पत्नी की हत्या की। इस मामले में महादवे की पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी पति को जेल भेज दिया है।