Bistupur Emerges as Jamshedpur s Economic Hub with Modern Malls and Youthful Market Culture बदलता जमशेदपुर : मॉल और मेट्रो कल्चर से जमशेदपुर का आर्थिक केंद्र बना बिष्टूपुर, Jamshedpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsJamshedpur NewsBistupur Emerges as Jamshedpur s Economic Hub with Modern Malls and Youthful Market Culture

बदलता जमशेदपुर : मॉल और मेट्रो कल्चर से जमशेदपुर का आर्थिक केंद्र बना बिष्टूपुर

बिष्टूपुर क्षेत्र ने जमशेदपुर के आर्थिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना ली है। यह क्षेत्र मॉल, मल्टीप्लेक्स और अमर मार्केट जैसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। यहाँ युवा ग्राहकों के लिए आकर्षक बाजार...

Newswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुरWed, 9 April 2025 05:59 PM
share Share
Follow Us on
बदलता जमशेदपुर : मॉल और मेट्रो कल्चर से जमशेदपुर का आर्थिक केंद्र बना बिष्टूपुर

पिछले कुछ वर्षों में बिष्टूपुर का इलाका जमशेदपुर शहर के आर्थिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है। यह इलाका न सिर्फ मेट्रो सिटी की तर्ज पर विकसित हुआ है, बल्कि आर्थिक गतिविधियों के दृष्टिकोण से भी यह अब जमशेदपुर के सबसे पॉश और फैंसी बाजार के रूप में स्थापित हुआ है। देश के सबसे पहले प्लांड सिटी में से एक में गिने जाने वाले जमशेदपुर में बसा यह इलाका आज अलग-अलग मल्टीनेशनल कंपनियों के शोरूम से लेकर बड़े ब्रांड के शॉपिंग मॉल के लिए जाना जाता है। बिष्टूपुर में पीएंडएम मॉल बनने के बाद तो जैसे पूरे जमशेदपुर की रौनक ही बदल गई। आज यह जमशेदपुर के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल में से एक है। इस मॉल के कारण बिष्टूपुर बाजार में अलग सी रंगत आ गई है। यह शॉपिंग मॉल आज न सिर्फ क्रय-विक्रय का केंद्र बन गया है, बल्कि इसने शॉपिंग के मेट्रो कल्चर को भी विकसित कर दिया है। अब यह मॉल लोगों के लिए वीकेंड्स पर घूमने की जगह के रूप में भी पहचान बना चुका है। इसी तरह अब इसी मॉल के बगल में एक और बड़े मॉल की संरचना बनकर लगभग तैयार है। जल्द ही इसे भी लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

टाटा स्टील के कर्मचारियों और अफसरों का आवासीय इलाका होने के कारण भी इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां अधिक होती हैं, फिर चाहे बात बिष्टूपुर बाजार की हो या फिर अमर मार्केट की। अमर मार्केट को दिल्ली के सरोजिनी मार्केट से कम नहीं माना जा सकता। यहां हर ब्रांड और हर सामान लोगों को उपलब्ध कराए जाते हैं। छोटी सी गली में बसा अमर मार्केट शहर के लोगों के लिए सबसे पसंदीदा बाजार में से एक है। इस बाजार को शुरू तो वर्षों पहले किया गया था, लेकिन 15 वर्ष में बाजार को तेजी से ग्राहकों की सुविधा के अनुरूप तैयार कर लिया गया है। आज इस बाजार को वातानुकूलित कर दिया गया है। मतलब यह कि ग्राहकों की सुविधा के लिए अमर मार्केट की पूरी गली में एसी लगा दिया गया है। इस कारण बाजार की रौनक अब और बढ़ गई है। इसी के साथ बिष्टूपुर में प्लेइंग जोन भी अब आकर्षण का केंद्र है। अमर मार्केट के सामने ही ओपन प्ले जोन बनाया गया है, जहां बच्चे खेल और कूद सकते हैं। यह मेट्रो सिटी कल्चर की तर्ज पर बच्चों के मनोरंजन के लिए उपलब्ध कराया गया है। इसी के साथ यहां सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है।

खाऊ गली ने बनाई अलग पहचान

बिष्टूपुर में खाऊ गली भी है, जहां हर तरह के व्यंजन लोगों को उपलब्ध कराए जाते हैं। इस गली की विशेषता यह है कि यहां सैकड़ों ठेले लगाए जाते हैं। इस खाऊ गली में वाजिब दाम पर पिज्जा से लेकर बर्गर तक और चाऊमीन से लेकर चिकन फ्राई तक लोगों को उपलब्ध होते हैं। शाम के समय यहां पैर तक रखने की जगह नहीं होती। शहर को ठेलों से व्यस्त होने से बचाने के लिए इन ठेलों को एक जगह दे दी गई है, ताकि इनकी बिक्री भी व्यवस्थित हो सके और शहर में भी बदइंतजामी न रहे।

30 साल से बिष्टूपुर को बदलते देख रहा हूं। आज का बिष्टूपुर पंद्रह साल पहले के बिष्टूपुर से बहुत अलग है। पहले सिर्फ बिष्टूपुर बाजार था। आज मॉल और मल्टीप्लेक्स है।

- मधु जुलाब महतो

बिष्टूपुर बाजार आज जमशेदपुर का यूथ फुल मार्केट है। यहां युवा ग्राहकों के अनुरूप बाजार ने खुद को बदला है। मेट्रो कल्चर यहां दिखता है।

- सुप्रियो मल्लिक

बिष्टूपुर बाजार आधारित इलाका है। यहां का पॉश कल्चर यहां के बाजारों में दिखता है। टाटा स्टील का आवासीय इलाका होने के कारण भी इलाका तेजी से विकसित हुआ है।

- मो. कासिफ

आज बिष्टूपुर व्यवस्थित सा लगता है। बाजार बड़े हैं तो पार्किंग की व्यवस्था भी बढ़ी है। बिष्टूपुर में हर बाजार सुव्यवस्थित है। खाऊ गली तक को व्यवस्थित किया गया है।

- आनंद कुमार गोस्वामी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।