मानगो चौक से पायल सिनेमा तक जाने वाला फ्लाईओवर अब टू लेन का होगा
जमशेदपुर में मानगो फ्लाईओवर के डिजाइन में परिवर्तन किया जा रहा है। अब यह वन-वे के बजाय टू-वे होगा, जिससे निवासियों और व्यवसायियों को कठिनाई नहीं होगी। विधायक सरयू राय की बैठक में यह निर्णय लिया गया।...
जमशेदपुर।मानगो फ्लाईओवर के डिजाइन में परिवर्तन होने जा रहा है। डिजाइन में परिवर्तन करने से मानगो चौक से पायल सिनेमा तक फ्लाईओवर अब वन-वे के बजाय टू-वे होगा। इससे यहां के निवासियों-व्यवसायियों को भी कठिनाई नहीं होगी। यह सहमति विधायक सरयू राय, फ्लाईओवर निर्माता कंपनी के मुख्य डिजाइन प्रभारी संजय भार्गव और पथ निर्माण विभाग के जमशेदपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय के बीच हुई बैठक में बनी। बैठक शुक्रवार की रात विधायक सरयू राय के आवासीय कार्यालय में हुई और शनिवार की सुबह इन सभी ने एक साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। निर्माता कंपनी के मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव इस हेतु विशेष रूप से अहमदाबाद से जमशेदपुर शुक्रवार की शाम आए। इस दौरान पूर्व में बने डिजाइन पर पुर्नविचार किया गया और शनिवार की सुबह क्षेत्र भ्रमण कर फ्लाईओवर निर्माण की प्रगति और इसके डिजाइन में प्रस्तावित परिवर्तन का जायजा लिया।
विधायक सरयू राय ने बताया कि मानगो चौक से पायल सिनेमा की ओर जाने वाला फ्लाईओवर पूर्व की डिजाइन में प्रावधान था कि फ्लाईओवर का यह भाग एकतरफा (वन लेन का) होगा। अर्थात, साकची की ओर से आने वाला यातायात फ्लाईओवर के इस भाग से पायल सिनेमा की ओर केवल उतरेगा। शनिवार की बैठक में निर्णय हुआ कि फ्लाईओवर के इस भाग को भी दोतरफा (टू लेन) बनाया जाए, ताकि इस पर से होकर यातायात पायल सिनेमा तक आए और पायल सिनेमा से इससे होकर यातायात आगे जाए भी। इसके लिए सड़क के किनारे वन विभाग की जमीन को लेने का प्रस्ताव रखा गया।
पायल सिनेमा के पास बनेगा गोलचक्कर
राय ने बताया कि पायल सिनेमा के पास, जहां फ्लाईओवर खत्म होगा, वहां एक गोलचक्कर बनाया जाएगा ताकि फ्लाईओवर के इस भाग से होकर आने-जाने वाले यातायात को मोड़कर यू टर्न लेने की सुविधा हो। टू लेन फ्लाईओवर के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाई जाएगी। पुल के नीचे के भाग को वाहन पड़ाव के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। विधायक सरयू राय ने मानगो चौक से पायल सिनेमा के बीच के व्यवसायियों और निवासियों से मिले सुझाव के आधार पर यह परिवर्तन फ्लाइओवर के डिजाइन में कराया।
भुइयांडीह में फ्लाइओवर बनने से मिलेगी राहत
विधायक ने फ्लाईओवर निर्माता कंपनी के मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय के साथ हाथी घोड़ा मंदिर, साकची से लेकर शमशान घाट, भुईंयाडीह तक का दौरा किया। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि एक फ्लाइओवर टिमकेन गोलचक्कर के ऊपर से इस रास्ते पर भी बनाया जाए, ताकि रांची से डोबो होकर और अन्य स्थानों से सरायकेला होकर टाटा स्टील प्लांट में जाने वाले और फैक्ट्री से निकलने वाले भारी वाहनों को इस फ्लाईओवर से होकर गुजारा जाए। ऐसा होने से टिमकेन गोलचक्कर के पास यातायात की समस्या नहीं होगी और इसके कारण मानगो पुल के जाम होने की स्थिति भी पैदा नहीं होगी। संजय भार्गव इस पर सहमत हुए और हाथी-घोड़ा चौक, साकची से श्मशान घाट, भुइयांडीह तक एक फ्लाइओवर बनाने के लिए डिजाइन तैयार करने का निर्देश अपने अधीनस्थ अभियंताओं को दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।