हम प्लेन में चढ़ने वाले हैं; अहमदाबाद विमान हादसे का शिकार ब्रिटिश इन्फलुएंसर का आखिरी वीडियो
Plane crash: अहमदाबाद विमान हादसे में अभी तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मरने वालों के कुछ जीवन और कुछ आखिरी घंटों की कहानी और वीडियोस ने लोगों के दिलों को कचोटना शुरू कर दिया है।

गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से लंदन की तरफ रवाना हुआ एक विमान कुछ ही देर में एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एयर इंडिया के इस विमान में क्रू समेत 242 लोग सवार थे। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक अभी तक कुल 204 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 60 लोग स्थानीय अस्पतालों में भर्ती हैं। चूंकि यह विमान रिहायशी इलाके में गिरा इसलिए इस विमान की चपेट में कुछ और लोग भी आ गए। 242 यात्रियों में से विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल है।
इन 53 ब्रिटिश नागरिकों में से दो नागरिकों की इंस्टाग्राम स्टोरी इस समय सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। विमान में चढ़ने से ठीक पहले बनाई गई इस वीडियो जेमी और फियोनगल ग्रीनल़ा मस्ती करते और भारत के बारे में अपने विचार साझा करते नजर आ रहे हैं।
जेमी की इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में दोनों लोग बातचीत करते नजर आ रहे हैं। फियोनगल कहता है, "हम एयरपोर्ट पर हैं.. बस बोर्डिंग करने वाले हैं.. अलविदा भारत" इस पर जेमी भी उसके साथ कहता है "अलविदा.. अभी हमारे सामने इंग्लैंड वापस जाने के लिए 10 घंटे की उड़ान है।"
जेमी की इस बात के बाद फियोनगल उससे पूछता है कि उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है, जिस पर जेमी हंसते हुए कहता है कि उसे पता नहीं है.. कुछ देर की बातचीत के बाद फियोगनल कहता है कि खुशी-खुशी और बस खुशी और शांति के साथ वापस जा रहा हूं।" इसके साथ ही यह वीडियो खत्म हो जाता है।
फियोगेनल ने इसके पहले एक और वीडियो बनाया, जिसमें वह कहता है, “तो यह भारत में हमारी आखिरी रात है। आज हमारे पास एक जादुई अनुभव रहा है। मन को झकझोर देने वाली कई चीजें हमारे साथ हुई हैं..जल्दी ही हम इन सभी को एड करके एक व्लॉग बनाने जा रहे हैं.. मुझे लगता है कि यह मेरा पहला व्लॉग होगा। हम अपनी पूरी भारत यात्रा के बारे में यह बनाएंगे।”
इससे पहले अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में अभी तक 200 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई दर्जन गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। इसके अलावा कई और नेता भी वहां पहुंचे हैं। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी मृत्यु हो गई है। वह अपनी बेटी से मिलने के लिए लंदन जा रहे थे।