LIVE: UP चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की 9 उम्मीदवारों की एक और लिस्ट up assembly election punjab uttarakhand manipur goa elections akhilesh yogi channi live updates - national news
Hindi NewsnationalLIVE: UP चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की 9 उम्मीदवारों की एक और लिस्ट

LIVE: UP चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की 9 उम्मीदवारों की एक और लिस्ट

सभी पांच चुनावी राज्यों में राजनीतिक दल प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा चुनावी हलचल देखने को मिल रही है। यहां एक चरण के मतदान संपन्न हो चुके हैं। अब 14 फरवरी को 9...

LIVE: UP चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की 9 उम्मीदवारों की एक और लिस्ट

up election 2022

| लाइव हिन्दुस्तान | Sat, 12 Feb 2022 10:22 PM
हमें फॉलो करें

सभी पांच चुनावी राज्यों में राजनीतिक दल प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा चुनावी हलचल देखने को मिल रही है। यहां एक चरण के मतदान संपन्न हो चुके हैं। अब 14 फरवरी को 9 जिलों की 55 सीटों पर मतदान होगा। इसको लेकर सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं। आज इस चरण के लिए प्रचार का आखिरी दिन है। आज उत्तराखंड में भी अमित शाह तीन बड़ी रैलियां करेंगे। उधर सीएम धामी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अगर उत्तराखंड में भाजपा सरकार बनी तो यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा। चुनावी हलचल से जुड़े हर अपडेट के लिए आप लाइव हिंदुस्तान के साथ जुड़े रहिए...

12 Feb 2022, 10:22:36 PM IST

UP Chunav 2022: बीजेपी ने जारी की 9 प्रत्याशियों की एक और लिस्ट

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की। सूची में एक महिला उम्मीदवार और आठ पुरुष उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। महिला उम्मीदवार पूनम सरोज को मोहम्मदाबाद से चुनाव लड़ने का टिकट दिया गया है। मुबारकपुर से अरविंद जायसवाल, मऊ से अशोक सिंह और मछलीशहर से मिहिलाल गौतम को टिकट दिया गया है।

12 Feb 2022, 10:09:45 PM IST

Punjab chunav: वल्ला सब्जी मंडी की स्थिति को लेकर मजीठिया ने सिद्धू पर साधा निशाना

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर आरोप लगाया कि वह अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में विफल रहने के बाद अपने पंजाब मॉडल की बात से लोगों को बहकाने की कोशिश कर रहे हैं।

12 Feb 2022, 08:21:31 PM IST

Assembly Elections 2022: चुनाव आयोग की नई गाइडलाइन

भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को चुनाव प्रचार के संबंध में नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक पदयात्रा पर लगी रोक हटा ली गई है। प्रचार के समय को भी दो घंटे तक बढ़ा दिया गया है। राजनीतिक दल और उम्मीदवार सभी मौजूदा निर्देशों का पालन करते हुए सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक प्रचार कर सकते हैं।

12 Feb 2022, 08:16:22 PM IST

Punjab Chunav: पंजाब में स्थिर सरकार के लिए कम से कम चाहिए 80 सीटें : केजरीवाल

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें पंजाब में स्थिर सरकार के लिए कम से कम 80 सीटें चाहिए... पंजाब बॉर्डर राज्य है और बॉर्डर राज्य सुरक्षा की नज़र से नाजुक होता है इसलिए PM और आंतरिक सुरक्षा को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। अगर ऐसा होता है तो वह सही नहीं है।

12 Feb 2022, 07:03:07 PM IST

Punjab Chunav 2022: मोदी ने सिखों के लिए बहुत काम किया: जेपी नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिखों के लिए जितना काम किया है, उतना काम किसी और पार्टी या नेता ने नहीं किया। पंजाब के मतदान वाले राज्य रोपड़ में एक सभा को संबोधित करते हुए, नड्डा ने कहा, "पंजाब की बहादुर भूमि पर आना अपने आप में एक सौभाग्य की बात है। ऐसी भूमि को मेरा सलाम। किसी ने भी वह काम नहीं किया है जो प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने सिखों के लिए और सिखों की एकता के लिए किया है।"

12 Feb 2022, 06:09:39 PM IST

उत्तराखंड चुनाव 2022: गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में किया चुनाव प्रचार

12 Feb 2022, 05:23:18 PM IST

भष्ट्राचार और काले कारनामों से इत्र कारोबार को किया बदनाम: पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने आज कन्नौज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि घोर परिवारवादियों की कुनीति का एक गवाह कन्नौज का इत्र उद्योग है। इन्होंने अपने भ्रष्टाचार और काले कारनामों से यहां के इत्र कारोबार को बदनाम किया। हम इस इत्र को वैश्विक ब्रांड बनाने में जुटे हुए हैं। दुनिया में कन्नौज के इत्र का डंका बजे इसके लिए हम काम कर रहे हैं।

12 Feb 2022, 05:09:31 PM IST

यूपी चुनाव: दूसरे चरण में 12 अनपढ़, 114 उम्मीदवार कक्षा 8 तक हैं शिक्षित

यूपी विधानसभा चुनाव का पहला चरण जा चुका है, अब आगामी 14 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान होना है। यूपी में आगामी 14 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले एक रिपोर्ट सामने आई है। जिसमें उम्मीदवारों ने अपना शैक्षिक ब्यौरा दिया है। रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों में 114 लोग कक्षा आठ तक पढ़े हैं, जबकि 12 ने खुद को अनपढ़ घोषित किया है।

12 Feb 2022, 04:17:39 PM IST

Uttarakhand Chunav: सत्ता में आए तो उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता बनाएंगे: एम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा कि अगर भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो शपथ ग्रहण के तुरंत बाद एक समिति गठित कर समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करेगी। राज्य में 14 फरवरी को सभी 70 विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार के आखिरी दिन यहां यह घोषणा करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता धामी ने कहा कि इस मसौदे को तैयार करने के बाद सभी नागरिकों के लिए समान कानून बनेगा चाहे वे किसी भी धर्म में विश्वास करते हों । 

12 Feb 2022, 04:07:12 PM IST

UP Chunav: जितेंद्र प्रसाद की कोठी में खिंचे पाले, बीच में रह गई विरासत

कभी शाहजहांपुर और आसपास के कई जिलों की राजनीति का केंद्र रही दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र प्रसाद उर्फ बाबा साहब की 124 साल पुरानी मशहूर कोठी के दो हिस्से अब दो परस्पर विरोधी पार्टियों के लिए विधानसभा चुनाव के 'वार रूम' में तब्दील हो गए हैं। कभी देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के अध्यक्ष पद के दावेदार रहे जितेंद्र प्रसाद की कोठी एक जमाने में इलाकाई राजनीति का केंद्र हुआ करती थी और यहीं से चुनाव की रणनीतियां बना करती थीं, लेकिन वक्त बदलने के साथ उनके वारिसों की राजनीतिक आस्था बदल गई और 16 एकड़ क्षेत्र में बनी 124 साल पुरानी इस कोठी में दो पाले खिंच गए।

12 Feb 2022, 03:34:57 PM IST

विश्वास नहीं था कि पंजाब में कभी एम्स खुल सकता है: नड्डा

रोपड़ में एक चुनावी अभियान को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि किसी को यह विश्वास नहीं था कि पंजाब में कभी एम्स खुल सकता है। बठिंडा में एम्स खोलने का काम पीएम मोदी ने किया। कैंसर के इलाज के लिए लोग बीकानेर जाते थे, आज हमारे पास पंजाब में एम्स है। हमने यहां स्वास्थ्य सेवा के विकास के लिए काम किया है।

12 Feb 2022, 03:30:34 PM IST

UP Chunav 2022: अनुराग ठाकुर का आजम खान-अखिलेश पर वार

केंद्रीय मंत्री अनुराग ने कहा कि सभी जानते हैं कि आज़म ख़ान की पृष्ठभूमि क्या है। वे किस तरह से महिलाओं और अनुसूचित जाति के वर्ग के ऊपर टिप्पणियां करते थे और मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव हंसते थे। दलित का अपमान तब भी किया, दलित का अपमान आज भी करते हैं।

12 Feb 2022, 03:28:18 PM IST

Punjab Chunav: अमरिंदर के साथ BJP ने जारी किया घोषणा पत्र

भाजपा-पंजाब लोक कांग्रेस-शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) गठबंधन ने जालंधर में पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया। केंद्रीय मंत्री एचएस पुरी ने कहा, "पंजाब एक बहुत ही संवेदनशील सीमावर्ती राज्य है और राज्य के लिए सत्ता में ऐसे लोगों का होना जरूरी है जो खुद स्थिर हों।"

12 Feb 2022, 02:03:06 PM IST

धनौल्टी में अमित शाह की रैली

धनौल्टी की रैली में अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा ने टीके का मजाक उड़ाया था और मोदी जी ने सबको टीका लगाया है। उत्तराखंड में प्रतिव्यक्ति पांच किलो अनाज देने का काम मोदी सरकार ने किया है। उत्तराखंड में 56 लाख एलईडी बल्ब बांटे गए। चार लाख माताओं को गैस सिलिंडर दिया गया और लोगों को फ्री में इलाज की सुविधा दी गईः अमित शाह
 

12 Feb 2022, 01:21:52 PM IST

खटीमा में प्रियंका गांधी की रैली

नोटबंदी से सबसे ज्यादा नुकसान छोटे कारोबारियों को हुआ । यही लोग रोजगार पैदा करने वाले हैं। देश के बजट में सरकार ने किसान के लिए कुछ नहीं किया। सरकार ने किसान की कमर तोड़ दी, छोटे व्यापारियो की कमर तोड़ दी। 28 हजार पद खाली पड़े हैं लेकिन उत्तराखंड की सरकार को बेरोजगार युवा नहीं मिल रहे हैंः प्रियंका गांधी

12 Feb 2022, 01:09:15 PM IST

पंजाब में प्रचार तेज करेंगे अरविंद केजरीवाल

आज से 18 फरवरी तक अरविंद केजरीवाल पंजाब में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं केजरीवाल की पत्नी भी चुनाव प्रचार करेंगी। इसपर सीएम चन्नी ने कहा कि उनकी पत्नी भी चाहती हैं कि सुखवीर सिंह की पत्नी की तरह उनकी पत्नी भी मुख्यमंत्री बनना चाहती हैं।
 

12 Feb 2022, 01:03:26 PM IST

उत्तराखंड में भाजपा के दिग्गज

14 फरवरी को उत्तराखंड में मतदान होना है। ऐसे में कई बड़े नेता इस समय उत्तराखंड में जनसभाएं कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड को विशेष दर्जा देने की बात कही थी फिर कांग्रेस ने उनकी बात क्यों टाल दी। फिर भी यहां के दयालु लोगों ने कांग्रेस को मौका दिया। 

12 Feb 2022, 12:48:34 PM IST

पंजाब में जेपी नड्डा की रैली

पंजाब की एक चुनावी रैली में जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी की सरकार ने लंगर को टैक्सफ्री किया। करतारपुर कॉरिडोर के रास्ते खोले। वहीं कांग्रेस के हाथ सिखों के खून से सने हुए हैं।

12 Feb 2022, 12:15:00 PM IST

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री योगी की जनसभा

भाजपा सरकार ने बेहतर कनेक्टिविटी व औद्योगिक विकास के नित नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर समृद्धि व सुरक्षा का पर्याय बनेगा। इस कॉरिडोर के अंतर्गत बन रहा एशिया का सबसे बड़ा वन्यजीव एलिवेटेड कॉरिडोर जीव-जंतुओं के संरक्षण के नए सोपान गढ़ेग: रुड़की में योगी आदित्यनाथ

12 Feb 2022, 11:59:28 AM IST

जब अखिलेश य़ादव की जनसभा में घुस गई भेड़...

रामपुर में अखिलेश यादव की जनसभा में एक भेड़ घुस गई तो उन्होंने इसकी तुलना भी भाजपा से कर दी। उन्होंने कहा कि उसकी चिंता मत करको। वह भाजपा की तरह आई औ र गई। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपाका दिया हुआ लैपटॉप चलता नहीं है और उनका दिया हुआ लैपटॉप अब तक चल रहा है।
 

12 Feb 2022, 11:19:48 AM IST

उत्तराखंडः चुनाव से ठीक पहले सीएम धामी का बड़ा बयान

उत्तराखंड में मतदान से 48 घंटे पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा। 

12 Feb 2022, 10:55:43 AM IST

प्रियंका गांधी का सीएम योगी पर निशाना


उन्नाव में जो घटा वो उत्तरप्रदेश में नया नहीं है। एक दलित लड़की की मां अपनी बेटी का पता लगाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटती रही, अंत में उसको अपनी बेटी का शव मिला। प्रशासन ने उसकी एक नहीं सुनी।  भाजपा को इस मुद्दे पर राजनीति करने की बजाय जवाब देना चाहिए कि प्रशासन क्यों उस मां को जनवरी से दौड़ाता रहा? किसने इस बिटिया की मां की गुहार नहीं सुनी। योगी आदित्यनाथ जी आप अपने भाषणों में कानून व्यवस्था की बात करना छोड़ दीजिए। आपके प्रशासन में महिलाओं को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ता है, महिलाओं पर अत्याचार होने पर उनकी आवाज सुनी ही नहीं जाती। महिलाओं पर अत्याचार कर उनकी हत्या कर दी जाती है और आप झूठे दावों में व्यस्त रहते हैंः प्रियंका गांधी

12 Feb 2022, 10:31:49 AM IST

स्‍वामी के साथ गए अमर सिंह सपा में भी नहीं टिके, अब्‍दुल कलाम के छलके आंसू

नामांकन के आखिरी दिन शुक्रवार को चुनावी सियासत के कई रंग देखने को मिले। शोहरतगढ़ सीट से अपना दल (एस) से विधायकी जीतने वाले अमर सिंह चौधरी सपा में भी ज्यादा दिन नहीं ठहर पाए। स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ सपा में शामिल होने वाले अमर को पहले पार्टी ने बांसी से टिकट दिया। पार्टी नेताओं के विरोध और समीकरणों के चलते सपा ने प्रत्याशी बदल दिया। घर के रहे न घाट के वाली स्थिति में पहुंचने से पहले विधायक ने सपा को भी छोड़ कर आजाद समाज पार्टी में ठौर तलाश ली और नामांकन भी दाखिल कर दिया है। उधर, देवरिया के रुद्रपुर में निर्दल नामांकन करने पहुंचे प्रदीप यादव सपा का टिकट कटने से फफक पड़े। बोले-इसी तरह पार्टी ने पिछली बार भी उनका टिकट काटा था। टिकट कटने की पीड़ा संतकबीरनगर के अब्दुल कलाम की भी छलक पड़ी। उन्होंने कहा कि न तो वह बिकाऊ हैं न ही उनकी कौम। इसी तरह का दर्द महराजगंज की फरेंदा सीट से घोषित प्रत्याशी बदलने जाने का दर्द परशुराम निषाद को भी है। अब वहां पूर्व मंत्री शंखलाल माझी पर सपा की नैया पार लगाने की जिम्मेदारी है।

12 Feb 2022, 09:45:27 AM IST

पंजाब के विधायक ने 15 दिन में दो बार बदल ली पार्टी

पंजाब में हरगोविंदपुर से विधायक बलविंदर सिंह लड्डी फिर से भाजाप में शामिल हो गए हैं। लड्डी ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था। वह 28 दिसंबर को भजपा में शामिल हुए। 3 जनवरी को दोबारा कांग्रेस में लौटे और फिर एक बार भाजपा में आ गए।
 

12 Feb 2022, 09:39:45 AM IST

क्या हुआ था जब सपा ने किया था कांग्रेस और बसपा से गठबंधन

पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो भाजपा को 2017 में इन 55 में से 38 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। सपा-कांग्रेस तब गठबंधन में थे, जिनके हिस्से 17 सीटें आई थीं। जिसमें सपा को 15 और कांग्रेस को  2 सीटें मिली थीं। अब इसे 2019 के लोकसभा चुनाव के लिहाज से देखें तो 11 सांसद इस इलाके से चुनकर जाते हैं। बीते लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा और राष्ट्रीय लोकदल गठजोड़ में थे  यानि तब दलित, मुस्लिम और जाट का सामाजिक समीकरण बनाने का प्रयास हुआ था। इन 11 में से  7 लोकसभा सीटें इसी गठबंधन के हिस्से आई थीं और चार भाजपा को मिली थीं। मगर इस बार बसपा  गठबंधन में नहीं है।

12 Feb 2022, 08:59:36 AM IST

पंजाब चुनाव का राजस्थान कनेक्शन

बाड़मेर के बायतु से कांग्रेसी विधायक और राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री हरीश चौधरी पंजाब में कांग्रेस के प्रभारी है तो दूसरी ओर जोधपुर से सांसद और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह पंजाब में भाजपा की बागडोर थामे हुए हैं। इन दोनों नेताओं के साथ ही बाड़मेर से सांसद और केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी भी पंजाब के रण में डटे हुए हैं।

12 Feb 2022, 08:45:27 AM IST

साथ छोड़ रहे शिवपाल के साथी

ताजा मामला पूर्व मंत्री शादाब फातिमा का है। वह जहूराबाद से अब चुनाव लड़ेंगी जबकि जहूराबाद से सपा गठबंधन के साथी सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर चुनाव लड़ रहे हैं।  इसी तरह अखिलेश सरकार में मंत्री रहे शिवकुमार बेरिया भी अब साथ छोड़  गए और भाजपा में शामिल हो गए। प्रसपा के कद्दावर नेता व दो बार सांसद रहे रघुराज शाक्य भी भाजपा में चले गए। अखिलेश सरकार में मंत्री रह चुके शारदा प्रताप शुक्ला ने प्रसपा छोड़ दी और भाजपा में आ गए हैं।  यही नहीं प्रसपा संगठन के कई अन्य पदाधिकारी भी पार्टी छोड़ रहे हैं।

12 Feb 2022, 08:14:29 AM IST

कौन कहां करेगा प्रचार

गृहमंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड के धनौटी, साहसपुर में जनसभा करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का भी आज उत्तराखंड दौरा है। अखेलश यादव आज बदायूं और शाहजहांपुर में होंगे। शिवपाल यादव आज मैनपुरी के करहल में रहेंगे और अखिलेश य़ादव के लिए वोट मांगेंगे। मुख्यमंत्री योगी आज सहारनपुर में चुनाव प्रचार करने वाले हैं।

12 Feb 2022, 07:54:56 AM IST

दिग्गजों ने झोंकी ताकत

दूसरे चरण के मतदान से पहले दिग्गज नेता चुनावी अभियान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। पीएम मोदी, अमित शाह, सीएम योगी, अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी ने भी ताबड़तोड़ जनसभाएं कीं। पीएम मोदी ने कासगंज के पटियाली में जनसभा की तो वहीं अमित शाह बरेली में थे। सीएम योगी कासगंज, शाजहांपुर औऱ बदायूं पहुंचे थे। आज भी दिग्गज नेता कई जगहों पर जनसभाएं करेंगे।

12 Feb 2022, 07:27:58 AM IST

ये हैं यूपी चुनाव के सबसे अमीर प्रत्याशी

उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के सबसे अमीर प्रत्याशी में नवाब काजिम अली खान का नाम शामिल है। उनके पास 296 करोड़ की संपत्ति है। वह रामपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। द उत्तर प्रदेश इलेक्शन वॉच ऐंड असोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक  रिफॉर्म्स के मुताबिक वह दूसरे चरण के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं।

12 Feb 2022, 06:44:32 AM IST

दूसरे चरण में इन सीटों पर होगा मतदान


दूसरे चरण की 55 विधान सभा सीटें-बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर, देवबंद, रामपुर, मनिहारन सु., गंगोह, नजीबाबाद, नगीना सु., बढ़ापुर, धामपुर, नेहटौर सु., बिजनौर, चांदपुर, नूरपुर, कांठ, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद ग्रामीण, मुरादाबाद नगर, कुदंरकी, बिलारी, चंदौसी सु., असमौली, सम्भल, स्वार, चमरउवा, नौगंवा सादात, अमरोहा, हसनपुर, गुन्नौर, बिसौली सु., सहसवान, बिल्सी, बदायूं, शेखुपुर, दातागंज, बहेड़ी, मीरागंज, भोजीपुरा, नवाबगंज, फरीदपुर सु., बिठारी चैनपुर, बरेली, बरेली कैण्ट, आंवला, कटरा, जलालाबाद, तिलहर, पुवायां सु., शाहजहांपुर और ददरौल।

12 Feb 2022, 06:17:32 AM IST

दूसरे चरण में भाजपा के लिए क्यों है चुनौती?


जानकारों के मुताबिक दूसरे चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए चुनौतियां ज्यादा बड़ी हैं। इन 55 सीटों पर मुस्लिम बहुलता है। इसके अलावा यहां मुस्लिम धर्मगुरुओं का भी असर माना जाता है। यहां बरेलवी और देवबंद दोनों ही हैं। दूसरे चरण में मुरादाबाद, रामपुर, संभल, सहारनपुर, अमरोहा, बिजनौर, बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर जिले शामिल हैं।

12 Feb 2022, 06:07:33 AM IST

कांग्रेस को एक और झटका

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। यहां अमरोहा सदर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सलीम खान ने पार्टी छोड़ दी है। इससे पहले भी कांग्रेस की पोस्टर गर्ल पार्टी का साथ छोड़ चुकी हैं। पहले प्रियंका मौर्य ने पार्टी छोड़ी थी और इसके बाद वंदना सिंह ने भी साथ छोड़ दिया।

12 Feb 2022, 06:01:55 AM IST

पिछली बार से तीन फीसदी कम मतदान


उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में पिछली बार के मुकाबले तीन फीसदी कम वोट पड़े हैं। 58 सीटों पर 623 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे थे। इन सीटों पर 64.56 फीसदी वोट पड़े। 2017 के चुनाव में भाजपा ने 58 में से 53 सीटें जीती थीं। 

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।