दिल्ली-आगरा हाईवे पर बल्लभगढ़ में बनेगा 8 लेन फ्लाईओवर, फरीदाबाद में खत्म होगा जाम
दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर बल्लभगढ़ अनाज मंडी से लेकर जेसीबी कट तक प्रस्तावित सात लेन रेलवे ओवरब्रिज अब आठ लेन का बनाया जाएगा। इसी प्रकार आठ लेन के फ्लाईओवर बनाने की योजना आगरा तक की है, ताकि आने वाले वर्षाें में किसी प्रकार से ट्रैफिक की समस्या नहीं रहे।

दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर बल्लभगढ़ अनाज मंडी से लेकर जेसीबी कट तक प्रस्तावित सात लेन रेलवे ओवरब्रिज अब आठ लेन का बनाया जाएगा। इसी प्रकार आठ लेन के फ्लाईओवर बनाने की योजना आगरा तक की है, ताकि आने वाले वर्षाें में किसी प्रकार से ट्रैफिक की समस्या नहीं रहे। विधायक मूलचंद शर्मा ने गुरुवार को यह जानकारी सिविल रेस्ट हाउस में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में दी। पत्रकार वार्ता मोदी सरकार के संकल्प से सिद्धि तक 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। इसके अलावा जिला स्तर पर विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाई गई।
सिविल रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक ने कहा कि बल्लभगढ़ में रेलवे ओवरब्रिज को बनाए जाने की तैयार चल रही थी, लेकिन केंद्र सरकार के आदेश मिले हैं कि यह ओवरब्रिज आठ लेन का बनाया जाएगा। हालांकि 7 लेन के ओवरब्रिज का शिलान्यास 9 मार्च 2024 को केंद्र राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर व वह स्वयं कर चुके हैं। जिस पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाने थे। उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं कर चुके हैं, जिसे सरकार जल्द पूरा करेगी।
विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि अमृत काल में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रिकॉर्ड तोड़कर कार्य किए गए। देश की प्रभुता, अखंडता और सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किए हैं और आज उसी का परिणाम है कि देश की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के सफल आपरेशन में पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों और उनके एयरबेस को उसके घर में घुसकर जवाब दिया। इस मौके पर अध्यक्ष सोहन पाल छोकर, विधायक सतीश फागना, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
प्रदर्शनी आम लोगों के लिए 22 तक खुली रहेगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की 11 वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाने वाली एक भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ फरीदाबाद में हुआ। इसका उद्घाटन पूर्व कृषि मंत्री जे.पी. दलाल ने रिबन काटकर किया। यह प्रदर्शनी 22 जून तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।