delhi mausam april was hottest for second time in 15 years imd 2 days heatwave alert weather report 15 साल में दूसरी बार गर्म रहा अप्रैल का महीना, दिल्ली में गर्मी से हाहाकार; 2 दिन लू करेगी परेशान, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi mausam april was hottest for second time in 15 years imd 2 days heatwave alert weather report

15 साल में दूसरी बार गर्म रहा अप्रैल का महीना, दिल्ली में गर्मी से हाहाकार; 2 दिन लू करेगी परेशान

Delhi Weather: राजधानी में अप्रैल का महीना 15 साल में दूसरी बार सबसे गर्म रहा। अब तक के दिनों का औसत अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री ज्यादा है। बचे हुए दिनों में भी झुलसाने वाली गर्मी पड़ने के आसार हैं।

Sneha Baluni हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 25 April 2025 05:49 AM
share Share
Follow Us on
15 साल में दूसरी बार गर्म रहा अप्रैल का महीना, दिल्ली में गर्मी से हाहाकार; 2 दिन लू करेगी परेशान

Delhi Weather: राजधानी में अप्रैल का महीना 15 साल में दूसरी बार सबसे गर्म रहा। अब तक के दिनों का औसत अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री ज्यादा है। बचे हुए दिनों में भी झुलसाने वाली गर्मी पड़ने के आसार हैं। इससे पहले मार्च का महीना भी सामान्य से लगभग ढाई डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा था।

मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक बीते अप्रैल के दिनों का औसत अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। अप्रैल महीने में दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग का औसत अधिकतम तापमान सामान्य तौर पर 36.5 डिग्री सेल्सियस रहता है। इससे पहले वर्ष 2022 में अप्रैल का महीना बेहद गर्म रहा था। तब औसत तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस था। वर्ष 2011 से 2025 तक के आंकड़े बताते हैं कि बीते 15 साल में इस बार का अप्रैल महीना दूसरा सबसे गर्म अप्रैल है।

राजधानी में इस बार मौसम का रुख सामान्य से ज्यादा सख्त नजर आ रहा है। सुबह से ही निकलने वाली तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है। इसके चलते दिन में 11 बजे के बाद ही लोगों का घर से निकलना दूभर होने लगा है। दोपहर के समय लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का अहसास भी हुआ। लंबे अरसे से दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में अच्छी बारिश नहीं होने के चलते मौसम में नमी की मात्रा भी बेहद कम है। सूखी और गर्म हवा के चलते लोगों को तपिश का अहसास हो रहा है।

आज से सता सकती है लू

दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए लू का अलर्ट भी जारी किया गया है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में गुरुवार की सुबह से ही तेज धूप निकली। मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। आर्द्रता का स्तर 60 से 13 फीसदी तक रहा।

शनिवार के बाद तापमान में गिरावट की संभावना

हवा की गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। इसके चलते भी लोगों को परेशानी होगी। शनिवार के बाद हल्के बादलों की आवाजाही होगी और तापमान में एक-दो डिग्री की गिरावट होगी। हालांकि, दिल्ली का तापमान सामान्य से ज्यादा ही बना रहेगा। वहीं, गुरुवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 227 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है।

रिज में 42 पार रहा पारा

रिज क्षेत्र गुरुवार को सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो दिल्ली में सबसे ज्यादा है। पालम, लोधी रोड, आयानगर और पीतमपुरा मौसम केन्द्रों में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर होने और सामान्य से साढ़े चार डिग्री ज्यादा होने पर उसे लू यानी हीट वेव की स्थिति मानी जाती है। अगले दो दिन दिल्ली में ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है।