पाकिस्तान जैसे हैं कूड़े के पहाड़;दिल्ली के मेयर ने पड़ोसी मुल्क की गजब बेइज्जती कर दी
दिल्ली के मेयर ने कहा कि आज हमने मिलकर निरीक्षण किया। हमने दिल्ली के लोगों से सफाई का वादा किया था। जल्द ही इस लैंडफिल को हटा दिया जाएगा। ये लैंडफिल साइट पाकिस्तान की तरह हैं। वो आतंकवाद फैलाते हैं,ये पहाड़ गंदगी फैलाते हैं।

भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के हालात अच्छे नहीं हैं। एक तो वह भुखमरी,गरीबी और आर्थिक तंगी से जूझ रहा है तो वहीं, ऑपरेशन सिंदूर के बहाने हिंदुस्तान ने उसे गहरी चोट पहुंचाई है। इस बीच दिल्ली के मेयर ने पड़ोसी मुल्क की गजब बेइज्जती कर दी। ओखला लैंडफिल साइट का निरीक्षण करने आए मेयर राजा इकबाल सिंह ने पाकिस्तान की तुलना दिल्ली के कूड़े के पहाड़ से कर दी। उनके साथ दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिरसा और सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भी थे।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिल्ली के मेयर ने कहा कि आज हमने मिलकर निरीक्षण किया। हमने दिल्ली के लोगों से सफाई का वादा किया था। जल्द ही इस लैंडफिल को हटा दिया जाएगा। ये लैंडफिल साइट पाकिस्तान की तरह हैं। वो आतंकवाद फैलाते हैं,ये पहाड़ गंदगी फैलाते हैं। इन लैंडफिल और इनकी तेज बदबू ने आसपास के रिहायशी इलाकों में जीवन को दुखदायी बना दिया है। जल्द ही,इस इलाके को सुंदर बनाया जाएगा और लैंडफिल हटाने के बाद एक पार्क बनाया जाएगा।
दिल्ली मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी ओखला लैंडफिल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा,"जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली को साफ रखने का वादा किया और जिम्मेदारी ली,हम यहां यह सुनिश्चित करने आए हैं कि कचरा निपटान योजना सक्रिय रूप से लागू की जा रही है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि इस विशाल कचरे के ढेर को कुशलतापूर्वक और स्थायी रूप से साफ किया जाए। हम दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के विजन को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने आगे कहा, "जैसे डायनासोर विलुप्त हो गए, वैसे ही ये लैंडफिल भी देश से गायब हो रहे हैं। यह पीएम मोदी का विजन है, जिस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता काम कर रही हैं। अक्टूबर 2025 तक हम यहां से 20 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा हटा देंगे। इसके बाद यह पहाड़ लगभग गायब हो जाएगा। हमारा लक्ष्य 2028 तक दिल्ली से कचरे के सभी पहाड़ों को खत्म करना है। इसके बाद ये लैंडफिल सिर्फ तस्वीरों में ही रह जाएंगे।"