दिल्ली में फिर पलटी लेगा मौसम,दो दिन बारिश देगी उमस से राहत, IMD का ताजा अपडेट
मंगलवार की शाम को मौसम में बदलाव के कारण आयानगर में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई अन्य इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काई मेट से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली में फिलहाल कोई बड़ी मौसम गतिविधि नहीं हो रही है।

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को उमस से लोग बेहाल रहे। हालांकि,शाम को तेज हवा और बूंदाबांदी से लोगों को राहत मिली। वहीं,मौसम विभाग ने बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा और आंधी आने की संभावना है। यह स्थिति गुरुवार को भी बनी रह सकती है।
ताजा अपडेट क्या कहती है?
मौसम विभाग की ताजा अपडेट के अनुसार,दिल्ली के कुछ अलग-अलग इलाकों जैसे जाफरपुर,नजफगढ़ और आईजीआई एयरपोर्ट पर अगले 2 घंटों के दौरान हल्की बारिश होने की बहुत अधिक संभावना है। इस दौरान 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं (आंधी) भी चल सकती हैं। आज अधिकतम तापमान 33-35 तो वहीं न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। 5 जून यानी कल भी कमोबेश यही मौसम रहने वाला है। तापमान में भी कोई परिवर्तन नहीं होगा। 6 जून के बाद मौसम फिर एक बार सामान्य हो जाएगा। तापमान भी बढ़ने के आसार हैं।
इन इलाकों में हुई बारिश
मंगलवार की शाम को मौसम में बदलाव के कारण आयानगर में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई अन्य इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काई मेट से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली में फिलहाल कोई बड़ी मौसम गतिविधि नहीं हो रही है। हालांकि,प्री-मानसून गतिविधियां अगले तीन दिनों तक देर शाम या रात में देखने को मिल सकती हैं। दिन का तापमान सामान्य से नीचे है और रातें सुहानी बनी रहेंगी।
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री दर्ज किया गया,यह सामान्य से 6.9 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। राजधानी में नमी का स्तर अधिकतम 79 फीसदी और न्यूनतम स्तर 47 फीसदी दर्ज किया गया।
मानसून अभी आगे नहीं बढ़ पाएगा,लेकिन इसके बावजूद उत्तर पूर्वी राज्यों में झमाझम बारिश जारी रहेगी। पहाड़ों सहित पंजाब,हरियाणा,दिल्ली,राजस्थान,मध्य प्रदेश के कुछ भागों सहित उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है।