कुशांक मौर्य राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल लीग में कोलकाता की तरफ से खेलेंगे
गाजियाबाद के वॉलीबॉल खिलाड़ी कुशांक मौर्य ने राष्ट्रीय स्तर पर प्राइम वॉलीबॉल लीग में शामिल होकर जिले का मान बढ़ाया है। कुशांक को कोलकाता थंडर बोल्ट ने चार लाख रुपये में नीलामी में शामिल किया। कुशांक...

गाजियाबाद। वॉलीबॉल खिलाड़ी कुशांक मौर्य ने जिले का मान राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। कुशांक राष्ट्रीय स्तर की प्राइम वॉलीबॉल लीग में दम दिखाएंगे। कोलकाता थंडर बोल्ट की टीम ने कुशांक को नीलामी में चार लाख रुपये में शामिल किया है। इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ जिले के अन्य खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। देश में क्रिकेट में आईपीएल की तर्ज वॉलीबॉल खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्राइम वॉलीबॉल लीग का आयोजन किया जाता है। यह लीग देश की प्रमुख प्रतियोगिता है, जिसमें देश और विदेश के खिलाड़ी खेलते हैं। इस साल यह प्रतियोगिता अक्तूबर में खेली जानी है।
इसके लिए आठ जून को खिलाड़ियों की नीलामी हुई। इसमें सिहानी गेट निवासी 16 वर्षीय कुशांक मौर्य को कोलकाता थंडर बोल्ट ने टीम में शामिल किया है। नीलामी में कुशांक का बेस प्राइस दो लाख रुपये था। बीते दिनों एक प्रतियोगिता में प्रदर्शन को देखते हुए कुशांक का नाम नीलामी में शामिल किया गया था। पिता मनोज कुमार ने बताया कि प्राइम लीग में कुशांक के चयन से परिवार में खुशी है। उसने कठिन परिश्रम के दम पर जिले का मान बढ़ाया है। उसका चयन भारत की अंडर 17 टीम के लिए भी हुआ था। कुशांक मौर्य ने बताया कि वे प्राइम वालीबॉल लीग में देश एवं विदेश के खिलाड़ियों के साथ खेलने के लिए उत्साहित हैं। अंडर-17 वॉलीबॉल टीम का भी हैं हिस्सा पिता मनोज कुमार ने बताया कि कुशांक का बीते अप्रैल में भारत की अंडर 17 वॉलीबॉल टीम में चयन हुआ था। तब से वे टीम का हिस्सा है। नोएडा में आयोजित भारतीय टीम के ट्रायल में कुशांक मौर्य ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी तरफ खींचा था। उसका लक्ष्य भारत की मुख्य सीनियर टीम में जगह बनाकर शानदार प्रदर्शन करना है। इसके लिए वे लगातार कड़ी मेहनत कर रहा है। वॉलीबॉल के प्रति रुझान बढ़ने की उम्मीद कुशांक मौर्य के राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल लीग में चयन होने से अन्य खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। इससे जनपद में वॉलीबॉल के प्रति रुझान बढ़ने की उम्मीद है। कुशांक को प्रतिष्ठित लीग में खेलते हुए देख युवा प्रेरित होंगे। इससे भविष्य में कई और खिलाड़ी इस बड़ी लीग में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। वहीं, कुशांक का लक्ष्य इस लीग में शानदार प्रदर्शन करना है। इसके लिए वह तैयारी में जुट गए हैं। उनका कहना है कि समर्पण और मेहनत से नियमित अभ्यास किया जाए तो ऊंचाई तक पहुंचा जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।