गाजियाबाद में नहर में मिली प्लास्टिक के थैले में बंद लड़की की लाश, शिनाख्त में जुटी पुलिस
गाजियाबाद में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मसूरी गंगा नहर से प्लास्टिक के थैले में बंद एक लड़की का शव बरामद किया गया है। लड़की की उम्र 16-17 साल लग रही है और उसने जींस और टॉप पहन रखा था। पुलिस लाश की शिनाख्त करने में जुट गई है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि गाजियाबाद में मसूरी गंगा नहर से प्लास्टिक के थैले में बंद एक किशोरी का शव बरामद किया गया है। रविवार को स्थानीय लोगों ने नहर के किनारे झाड़ियों में फंसे थैले को देखा और पुलिस को सूचना दी।
सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मृतका की उम्र 16-17 साल लग रही है। उसने जींस और टॉप पहन रखा था। शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। क्षत-विक्षत शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को संदेह है कि हत्या दो से तीन दिन पहले की गई होगी।
मौर्य ने कहा कि संभावना है कि शव को या तो पास के रेलवे पुल से गुजर रही ट्रेन या किसी वाहन से नहर में फेंका गया होगा। हो सकता है कि पानी का बहाव उसे उस स्थान तक ले आया हो, जहां उसे पाया गया। एसीपी ने कहा कि लड़की की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जो 36 घंटे बाद किया जाएगा।
अधिकारी ने कहा कि अगर कोई शव लेने के लिए आगे नहीं आता है तो प्रोटोकॉल के अनुसार 72 घंटे बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। एसीपी ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है।