मिनी ग्रेट वॉल ऑफ नेपाल ने पर्यटकों को रिझाया
नेपाल के शैलुंग में बनी 'मिनी ग्रेट वॉल' पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गई है। यह दीवार 500 मीटर लंबी है और यहां से 108 पहाड़ों का दृश्य दिखाई देता है। नववर्ष पर 20 हजार से ज्यादा लोग इसे देखने...

सैलुंग, एजेंसी। नेपाल के शैलुंग इलाके में बनी ‘मिनी ग्रेट वॉल इन दिनों पर्यटकों के बीच जबरदस्त आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। चीन की प्रसिद्ध ग्रेट वॉल की तरह दिखने वाली यह छोटी दीवार शैलुंग की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बनाई गई है। इसे लोग मिनी ग्रेट वॉल ऑफ नेपाल कह रहे हैं। शैलुंग का अर्थ होता है ‘सौ पहाड़ियां और यहां से 108 पहाड़ों का नजारा दिखाई देता है, जो पहले से ही लोगों को लुभाता रहा है। अब इस इलाके में बनाई गई करीब 500 मीटर लंबी मिनी ग्रेट वॉल ने शैलुंग की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने इस परियोजना की शुरुआत 950 मीटर दीवार बनाने की योजना से की थी, लेकिन फिलहाल इसका आधा हिस्सा बनकर तैयार हुआ है। फिर भी इसे देखने के लिए पर्यटक दूर-दूर से आ रहे हैं। नेपाल के नववर्ष पर अकेले 20 हजार से ज्यादा लोग इसे देखने पहुंचे थे। 3,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित शैलुंग अब केवल प्राकृतिक नजारों के लिए नहीं, बल्कि इस नई मिनी ग्रेट वॉल के लिए भी प्रसिद्ध हो रहा है। यह दीवार न केवल दिखने में शानदार है, बल्कि इस पर चलकर पर्यटक आसपास के मनोरम दृश्य का भी आनंद ले सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।