दिल्ली के व्यवसायी से जबरन वसूली करने वाली महिला गिरफ्तार
दिल्ली के एक व्यवसायी को हनीट्रैप में फंसाकर 18.5 लाख रुपये की जबरन वसूली करने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पीड़ित ने महिला पर पैसे मांगने का आरोप लगाया, जबकि महिला ने...

मुंबई, एजेंसी। दिल्ली के व्यवसायी को हनीट्रैप में फंसाकर 18.5 लाख रुपये की जबरन वसूली करने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित 2015 में पत्नी की मौत के बाद अपने बेटे के साथ दिल्ली में रहता है। वह व्यावसायिक उद्देश्यों से मुंबई आता-जाता रहता है। पीड़ित 18 मई, 2023 को महिला के संपर्क में आया। महिला ने खुद को गायिका बताया था। वे लोनावाला गए, जहां उन्होंने शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद दोनों फोन और वीडियो कॉल के जरिए संपर्क में रहे। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि एक जून 2023 को महिला ने स्टूडियो किराए पर लेने के लिए 12.50 लाख रुपये मांगे। पीड़ित ने ये पैसे दे दिए। वर्ष 2023 में सात जुलाई को महिला पटियाला हाउस कोर्ट में पेश होने के लिए दिल्ली आई, जहां वह पीड़ित से मिली। कुछ दिनों बाद महिला ने घर के लिए चार लाख रुपये मांगे। इसके बाद उसने दो मौकों पर एक लाख और दो लाख रुपये मांगे। अधिकारी ने कहा कि पीड़ित ने वर्ष 2023 के सितंबर में घर के लिए 4-5 करोड़ रुपये मांगे जाने का विरोध किया। इसके बाद दोनों ने गोरेगांव के एक होटल में समय बिताया। बाद में महिला वहां से चली गई और फिर डिंडोशी पुलिस स्टेशन के कर्मियों के साथ वापस आई और दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसके बाद व्यवसायी को हनी ट्रैप में फंसने का एहसास हुआ। साक्ष्यों के साथ व्यवसायी ने महिला के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया। जांच के क्रम में पुलिस को यह भी पता चला है कि महिला ने पिछले साल एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।