PM Modi Launches Aravali Green Wall Campaign on World Environment Day विश्व पर्यावरण दिवस: प्रधानमंत्री कल ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान का विस्तार करेंगे, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsPM Modi Launches Aravali Green Wall Campaign on World Environment Day

विश्व पर्यावरण दिवस: प्रधानमंत्री कल ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान का विस्तार करेंगे

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर अरावली ग्रीन वाल अभियान और एक पेड़ मां के नाम अभियान का विस्तार करेंगे। यह अभियान चार राज्यों में वनीकरण को बढ़ावा देगा। पिछले अभियान में 109...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 3 June 2025 06:16 PM
share Share
Follow Us on
विश्व पर्यावरण दिवस: प्रधानमंत्री कल ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान का विस्तार करेंगे

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पांच जून को अरावली ग्रीन वाल अभियान तथा एक पेड़ मां के नाम अभियान का विस्तार करेंगे। पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि अभियान के तहत चार राज्यों में फैली अरावली की पहाड़ियों का वनीकरण कर उन्हें हरा-भरा बनाया जाएगा। वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की थी, जो बेहद सफल रहा था। इस अभियान के तहत देशभर में अब तक 109 करोड़ पेड़ लगाए जा चुके हैं। अब इस अभियान को 2025 में भी विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है।

प्रधानमंत्री पांच जून को महावीर जयंती पार्क में विस्तारित अभियान की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी। सूत्रों ने कहा कि इसी मौके पर अरावली की पहाड़ियों को हरा-भरा बनाने के लिए भी एक नए अभियान अरावली ग्रीन वाल की शुरुआत की जाएगी। अरावली की पहाड़ियां चार राज्यों दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात के 29 जिलों में फैली हुई हैं। दिल्ली का एक दक्षिण पश्चिमी जिला इससे लगा है। जबकि राजस्थान के 18, गुजरात के तीन तथा हरियाणा के सात जिले इसमें शामिल हैं। अलग से नर्सरी भी विकसित की जाएंगी अरावली की पहाड़ियों में वनीकरण के लिए स्थानीय पादप प्रजातियों का चयन किया गया है। दिल्ली क्षेत्र में 41 और गुजरात में 34 प्रजातियां चिह्नित की गई हैं। योजना के तहत इसके लिए अलग से नर्सरी भी विकसित की जाएंगी ताकि अभियान को निरंतर जारी रखा जा सके। अभियान के तहत वनीकरण के साथ-साथ घास की भूमि का विकास, जल स्रोतों के विकास पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। वन्य जीवों के हिसाब से भी अहम अरावली की पहाड़ियां वन्य जीवों के हिसाब से भी महत्वपूर्ण हैं। इनके दायरे में 22 वन्य जीव पार्क, चार बाघ अभयारण्य पड़ते हैं। इसके तहत आने वाले ज्यादातर वन संरक्षित वनों के दायरे में आते हैं। इन्हीं पहाड़ियों में कई ऐतिहासिक किले भी हैं। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम होगा सूत्रों ने कहा कि अरावली की पहाड़ियों में हरित क्षेत्र बढ़ने से दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की समस्या भी कम होगी। अभियान शुरू होने के बाद एक पोर्टल के जरिये उसकी सतत निगरानी भी की जाएगी। पर्यावरण दिवस पर जब इस अभियान की शुरुआत होगी तो हरियाणा के मुख्यमंत्री दादरी में, गुजरात के मुख्यमंत्री खेड़ा में और राजस्थान के मुख्यमंत्री जमुआ रामगढ़ में मौजूद रहेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।