नोएडा और ग्रेनो डिपो को सात नई बसें मिलीं
-नोएडा डिपो से नए रूटों पर चलेंगी बसें -नए रूटों में मैनपुरी-बेवर, सिरसाजंग समेत

नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो को नई बसें मिलनी शुरू हो गई हैं। इसमें मंगलवार को सात नई बसें मिली हैं। इसमें नोएडा डिपो को छह और ग्रेटर नोएडा डिपो को एक बस मिली है। बसों को नए रूटों पर चलाया जाएगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो में 260 साधारण बसें हैं। सभी साधारण और सीएनजी से चलने वाली बसें हैं। नीलामी के मानकों को पूरा करने के कारण दोनों डिपो से कई बसें हटा दी गई थी। इनके स्थान पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मुख्यालय नई बसें उपलब्ध करा रहा है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि 80 नई बसें मिलनी हैं।
इसमें से सात बसें मिल गई हैं। दस दिन के भीतर बाकी बसें भी मिल जाएंगी। उन्होंने कहा कि नए रूटों में दिल्ली से मैनपुरी बेवर, नोएडा से वाया मथुरा, आगरा, सिरसागंज, नोएडा से मैनपुरी, नोएडा से मेरठ होते हुए बिजनौर, नोएडा से बंदायू और नोएडा से कासगंज सोरोजी रूट पर बस चलाई जाएगी। इसमें से दिल्ली से कुछ रूटों पर बसें चलती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा को मिली नई बस कालागढ़ के लिए चलाई जाएगी। ग्रेटर नोएडा के परीचौक से बड़ी संख्या में कालागढ़ के लिए सवारियां मिलती हैं। अभी नोएडा डिपो से कालागढ़ के लिए बस की सुविधा है। बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को मिलेगी सुविधा नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो में बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। नए रूट पर बसें चलने से यात्रियों को कौशांबी और आनंद विहार बस अड्डे की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। वहीं कई रूटों पर बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को अलग-अलग समय पर बसों के विकल्प मिलेंगे। यात्रियों की संख्या बढ़ने से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी। 10 दिन में मिल जाएंगी डबल डेकर बसें उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि दस दिन में डबल डेकर बसें मिल जाएंगी। उन्होंने कहा कि डबल डेकर बसों की संख्या मुख्यालय की ओर से बढ़ा दी गई है। पहले चार डबल डेकर बसें मिलनी थी, जिसे बढ़ाकर छह किया गया था। अब नए आदेश के मुताबिक आठ डबल डेकर बसें नोएडा डिपो को मिलेंगी। सभी बसें नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच में चलाई जाएंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।