mcg issue notice to safai staff return of face suspension काम पर तुरंत वापस आएं वरना होगा निलंबन, एमसीजी का सफाई कर्मचारियों को जारी नोटिस, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर Newsmcg issue notice to safai staff return of face suspension

काम पर तुरंत वापस आएं वरना होगा निलंबन, एमसीजी का सफाई कर्मचारियों को जारी नोटिस

गुड़गांव नगर निगम (एमसीजी) ने सफाई कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। जिसमें उन्हें तुरंत काम पर वापस लौटने अन्यथा निलंबित करने की बात कही गई है।

Sneha Baluni लाइव हिन्दुस्तान, गुरुग्रामSat, 3 June 2023 12:59 PM
share Share
Follow Us on
काम पर तुरंत वापस आएं वरना होगा निलंबन, एमसीजी का सफाई कर्मचारियों को जारी नोटिस

गुरुग्राम  में 11वें दिन भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। ऐसे में शुक्रवार को गुड़गांव नगर निगम (एमसीजी) ने सफाई कर्मचारियों को नोटिस जारी किए हैं जिसमें कहा गया है कि उन्हें तुरंत काम पर वापस आना होगा अन्यथा निलंबित कर दिया जाएगा। लेकिन चेतावनी का कर्मचारियों पर कोई असर नहीं हुआ, उन्होंने शुक्रवार को भी एमसीजी कार्यालय के बाहर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक निगम उनकी मांगे नहीं मान लेता तब तक वे नहीं हटेंगे।

एमसीजी के संयुक्त आयुक्त नरेश कुमार ने शुक्रवार को कहा, 'हमने सफाई कर्मचारियों को कभी भी विरोध करने से नहीं रोका। लेकिन उन्होंने अपना काम बंद कर दिया है और शहर से कचरा उठाने में हमारे लिए मुश्किल खड़ी हो गई है। इसी वजह से हमने नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। उन्हें जनता के लिए परेशानी खड़ी नहीं करनी चाहिए।' शुक्रवार को कुमार ने कुछ सफाई कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

प्रदीप कुमार, एमसीजी संयुक्त आयुक्त (स्वच्छ भारत मिशन) ने कहा, 'हमने पुलिस को शिकायत दी है और भूतेश्वर मंदिर से कचरा साफ नहीं करने वाले सफाई कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को कहा है। हड़ताल से पूरे शहर में सेवाएं प्रभावित हुई हैं।' 23 मई से हड़ताल करने वाले मजदूर संविदा कर्मियों को नियमित और शहर की आबादी के आधार पर नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने की मांग कर रहे हैं।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य सचिव नरेश मलकट ने कहा, 'मांगें पूरी होने तक हम हड़ताल जारी रखेंगे। अधिकारियों को भी हमारी स्थिति समझनी चाहिए। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती, हम काम पर नहीं लौटेंगे। राज्य सरकार को हस्तक्षेप करके मामला सुलझाना चाहिए।' एमसीजी अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न आरडब्ल्यूए ने हड़ताल पर गए कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के लिए उनसे संपर्क किया है क्योंकि पूरे शहर में कचरा जमा हो रहा है और निवासियों को असुविधा हो रही है।