कौन हैं दिल्ली CM रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता, क्यों बनें AAP-BJP में छिड़ी नई जंग की वजह?
- सीएम रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता को लेकर आप-भाजपा में नई सियासी जंग छिड़ गई है। आम आदमी पार्टी मनीष गुप्ता की तस्वीर दिखा सीएम रेखा गुप्ता पर गंभीर आरोप लगा रही है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा में नई जंग छिड़ गई है। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने मनीष गुप्ती की तस्वीरें शेयर की थीं जिसमें वह कुछ लोगों के साथ बैठे थे। आतिशी का दावा था कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की बजाय उनके पति एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड, पीडब्ल्यूडी और DUSIB के अफसरों की मीटिंग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा था कि देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ होगा कि एक महिला मुख्यमंत्री बनी और सारा सरकारी काम उनके पति संभाल रहे हैं। क्या रेखा गुप्ता जी को सरकारी काम संभालना नहीं आता? क्या इसी वजह से दिल्ली में रोज़ लंबे-लंबे पॉवर कट हो रहे हैं? क्या रेखा जी से बिजली कंपनियां नहीं संभल रहीं? क्या रेखा जी से शिक्षा विभाग नहीं संभल रहा? उनके पोस्ट पर दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पलटवार भी किया था। इस पूरे मामले को लेकर दिल्ली की सियासत गरमाई हुई है। ऐसे में ये जान लेना जरूरी है कि रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता हैं कौन जिनको लेकर बवाल मचा हुआ है।
कौन हैं मनीष गुप्ता?
रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता दिल्ली के बिजनेसमैन हैं। रेखा गुप्ता की तरफ से चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे के मुताबिक उनकी फर्म का नाम निकुंज एंटरप्राइजेज है और वह पेशे से व्यापारी हैं। मनीष गुप्ता कोटक लाइफ इंश्योरेंस में एजेंसी एसोसिएट भी हैं। इस साल की शुरुआत में दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति को दिया था और कहा कि उनके पति ने उनकी पूरी राजनीतिक यात्रा में उनका साथ दिया है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, जब उनसे उनकी सफलता में उनके पति की भूमिका के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, बिल्कुल, उन्होंने मेरे लिए बहुत कुछ किया है।
उनके इस ट्वीट पर दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पलटवार किया और कहा था कि रेखा जी के पति द्वारा उनका सहयोग करना पूरी तरह सामान्य है। राजनीति में दैनिक जन समस्याओं का निदान बहुत जरूरी है और उसमे जन प्रतिनिधि के परिजनों का पार्टी पदधिकारियों का सहयोग करना सामान्य बात है। इसी के साथ उन्होंने अरविंद केजरीवाल के जेल रहने के दौरान सुनीता केजरीवाल का दिल्ली के लोगों को संबोधन का उदाहण देते हुए आतिशी से माफी मांगने की मांग की थी।
इस बीच आम आदमी पार्टी ने आज फिर इस मसले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि भाजपा ने दिल्ली को फुलेरा की पंचायत बना दिया है। पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि मुख्यमंत्री पद की शपथ रेखा गुप्ता ने ली है और उनकी जगह उनके पति का अधिकारियों के साथ मीटिंग करना गैर कानूनी है। इसी के साथ उन्होंने ये भी पूछा कि मनीष गुप्ता किस दिल्ली सरकार में किस पद पर हैं और अगर किसी पद पर नहीं है तो किस हैसियत से दिल्ली सरकार के अधिकारियों की मीटिंग ले रहे हैं।