लोनी थाने के पास महिला को मारी गोली, दो शूटर मौके पर दबोचे; गाजियाबाद में खौफनाक घटना
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी थाने के पास बुधवार रात बाइक और स्कूटी सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए एक महिला को गोली मार दी। गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी थाने के पास बुधवार रात बाइक और स्कूटी सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए एक महिला को गोली मार दी। गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आसपास के लोगों ने दो बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि तीन अन्य बदमाश फरार बताए जा रहे हैं।
दिल्ली की मीत नगर कॉलोनी स्थित अपने मायके में रहने वाली 43 वर्षीय बॉबी उर्फ बबीता के पति हरिकिशन की मौत कुछ समय पहले हो गई थी। वह अपने बेटे कुणाल और भांजे जितेंद्र के साथ विकास नगर, ईदगाह रोड पर ससुराल में आई थी। बुधवार रात साढ़े नौ बजे वह टहलने के लिए बाहर निकली थी। घर से कुछ दूरी पर लोनी थाने से करीब 200 मीटर दूर दो बाइक और स्कूटी पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही बबीता और उनके परिवार के सदस्य अपनी जान बचाते हुए इधर-उधर भागने लगे। इस बीच एक बदमाश ने बबीता पर गोली चला दी, जो उसके कूल्हे पर जा लगी। बबीता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। वहीं, आसपास के लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए स्कूटी सवार बदमाशों को घेर लिया। स्कूटी गिरने से दोनों बदमाश भी जमीन पर गिर गए। इसके बाद लोगों ने दोनों बदमाशों को पकड़कर पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की सूचना पर पहुंची अंकुर विहार थाना और लोनी थाना पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और कारतूस के साथ खोखे भी बरामद किए हैं।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट दर्ज कर फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।