आईसीसी फाइनल में टारगेज चेज करते हुए सबसे पहले शतक जड़ने का कमाल अरविंद डिसिल्वा ने किया था। श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने 1996 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में 124 गेंदों में 13 चौकों की मदद से नाबाद 107 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने 242 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे श्रीलंका ने 22 गेंद बाकी रहते हासिल किया। श्रीलंकाई टीम को 7 विकेट से जीत मिली थी।
न्यूजीलैंड के क्रिस केर्न्स ने साल 2000 में भारत के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में 113 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए थे। उन्होंने 8 चौके और दो छक्के लगाए। भारत ने 265 रनों का टारगटे दिया दिया था और न्यूजीलैंड ने दो गेंद बाकी रहते चार विकेट से विजयी परचम फहराया।
लिस्ट में तीसरा नाम ऑस्ट्रेलिया के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर शेन वॉटसन का है। उन्होंने 2009 में न्यूजीलैंड के विरुद्ध आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में नाबाद 105 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने बतौर ओपनर उतरने के बाद 129 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और चार सिक्स ठोके। ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया ने 201 रनों का लक्ष्य 28 गेंद बाकी रहते हासिल किया।
ऑस्ट्रेलिया के खतरनाक बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में भारत के खिलाफ शतक जमाया था। उन्होंने 241 का टारगेट चेज करते हुए 120 गेंदों में 137 रनों की पारी खेली थी। हेड के बल्ले से 15 चौके और चार छक्के निकले। ऑस्ट्रेलिया ने खिताबी मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया था।
इस नायाब क्लब में नई और पांचवीं एंट्री साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने मारी है। मार्करम ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-2025 के फाइनल में तीसरे दिन 159 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए, जिसमें 11 चौके शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के सामने लॉर्ड्स के मैदान पर 282 रनों का टारगेट रखा है। साउथ अफ्रीक की टीम फिलहाल दो विकेट के नुकसान पर 213 रन बना चुकी है।