कौन हैं लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार भारत भूषण, हिंदू चेहरे पर लगाया दांव
- लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने हिंदू चेहरे भारत भूषण आशू पर भरोसा जताया है। वह दो बार विधायक रह चुके हैं और कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में मंत्री भी रहे हैं।

लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस ने भारत भूषण आशु को अपना उम्मीदवार बनाया है। आशु इस सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं और कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार में मंत्री भी रहे हैं। कांग्रेस ने हिंदू चेहरे पर दाव लगाया है। आम आदमी पार्टी ने संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया है, जो अभी राज्यसभा सदस्य हैं। बीजेपी ने अभी अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। लुधियाना पश्चिम सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। यहां उपचुनाव की घोषणा जल्द ही होने वाली है। आशु काफी समय से अपनी दावेदारी पेश कर रहे थे और हाल ही में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी।
लुधियाना से 2 बार विधायक रहे, टेंडर घोटाले में जेल जा चुके हैं आशु
भारत भूषण आशु पंजाब कांग्रेस के बड़े नेता हैं। वह लुधियाना से 2 बार विधायक बन चुके हैं और कांग्रेस की पिछली सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। हल्का पश्चमी में भारत भूषण आशु का दबदबा रहा है। आशु का नाम टेंडर घोटाले में सामने आया था और जेल जाना पड़ा था। पिछले साल दिसंबर में पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने राहत देते हुए आशु के खिलाफ दर्ज किए गए एफआईआर को रद्द करने का आदेश दिया था और साथ ही साथ जमानत भी दे दी थी। टेंडर घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने भारत भूषण और उनके करीबी सहयोगी राजदीप सिंह नागरा को 1 अगस्त 2024 और 4 सितंबर 2024 को पीएमएलए 2002 के तहत मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस समय उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने कार्रवाई करते हुए 22.78 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की थी।
पंजाब अध्यक्ष राजा वड़िंग से चल रहे राजनीतिक मतभेद
कांग्रेस हाईकमान ने पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु को बेशक प्रत्याशी घोषित किया है लेकिन आशु की राह अभी इतनी आसान नहीं है, क्योंकि उनके प्रदेश अध्यक्ष और लुधियाना के मौजूदा सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से राजनीतिक मतभेद हैं। आशु लोकसभा चुनाव में लुधियाना सीट के प्रबल दावेदार थे लेकिन सीट वड़िंग को मिली, जिससे दोनों के बीच दरार आ गई। लोकसभा चुनाव में वड़िंग के चुनाव प्रचार से भी आशु ने दूरी बना रखी थी।
संजीव अरोड़ा को टिकट देने के बाद चली थी केजरीवाल के राज्यसभा जाने की चर्चाएं
अभी उपचुनाव की घोषणा नहीं हुई है लेकिन आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल संजीव अरोड़ा के लिए कई चुनावी सभाएं कर चुके हैं। संजीव अरोड़ा को विधानसभा उपचुनाव में टिकट दिए जाने के बाद ये सियासी चर्चा तेज हो गई कि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जाएंगे, हालांकि पार्टी ने इन अटकलों को खारिज कर दिया था। कांग्रेस ने दावा किया था कि अरविंद केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा जाने की फिराक में हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद अरविंद केजरीवाल का फोकस अब पंजाब पर है। कुछ दिन पहले ही केजरीवाल पंजाब गए थे और उन्होंने लुधियान वेस्ट सीट पर पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत की थी। (रिपोर्ट- मोनी देवी, लाइव हिन्दुस्तान)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।