ab inaki gunadi bardasht nahin hogi inaka mukabala karenge Shivpal Yadav said on the attack on SP MP ram ji lal house अब इनकी गुंडई बर्दाश्त नहीं होगी, इनका मुकाबला करेंगे, सपा सांसद के घर हमले पर शिवपाल यादव ने चेताया, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़ab inaki gunadi bardasht nahin hogi inaka mukabala karenge Shivpal Yadav said on the attack on SP MP ram ji lal house

अब इनकी गुंडई बर्दाश्त नहीं होगी, इनका मुकाबला करेंगे, सपा सांसद के घर हमले पर शिवपाल यादव ने चेताया

राणा सांसद पर टिप्पणी को लेकर सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर हमले से समाजवादी पार्टी आक्रोशित है। सुमन के घर पहुंचे सपा महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि अब इनकी गुंडई बर्दाश्त नहीं करेंगे। इनका मुकाबला करेंगे।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तानThu, 27 March 2025 11:00 PM
share Share
Follow Us on
अब इनकी गुंडई बर्दाश्त नहीं होगी, इनका मुकाबला करेंगे, सपा सांसद के घर हमले पर शिवपाल यादव ने चेताया

राणा सांगा विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के घर पर करणी सेना के हमले के बाद गुरुवार को सपा महासचिव शिवपाल यादव आगरा पहुंचे। सुमन के घर वालों से मुलाकात की। इसके बाद करणी सेना के साथ ही भाजपा पर तीखा हमला बोला। चेतावनी भरे लहजे में शिवपाल यादव ने कहा कि हम लोग झुकेंगे नहीं, इनका मुकाबला करेंगे। इनकी गुंडई को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इससे पहले सपा सांसद सुमन ने भी कहा कि इन लोगों को जवाब दिया जाएगा। ऐसे में माना जा रहा है कि अब समाजवादी पार्टी ने सपा सांसद के घर हुए हमले को बड़ा मुद्दा बनाने जा रही है। शिवपाल यादव से पहले रामगोपाल यादव भी हमले को लेकर भाजपा पर बरसे। अखिलेश यादव ने तो बुधवार को हमले के बाद ही कहा था कि दलित होने के कारण उन पर हमला किया गया है।

सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर मीडिया से बात करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि शासन-प्रशासन के इशारे पर हमला हुआ है। वह लोग (करणी सेना वाले) यहां आए और गालियां बककर हमला किया गया। गाड़ियों में तोड़फोड़ की और जाति सूचक गालियां दी गईं। शासन-प्रशासन यह सब देखता रहा। हमलावार कई किलोमीटर चलकर आये हैं। इन्हें रास्ते में रोका भी जा सकता था। हमले के बाद उन पर कार्रवाई होनी चाहिए थी। गिरफ्तारी होनी चाहिए थी।

ये भी पढ़ें:राणा सांगा ने बाबर को बुलाया था, सपा सांसद ने दोहराया, बोले- माफी का सवाल नहीं

शिवपाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर सब कुछ हो रहा है। भाजपा पूरे देश का सौहार्द बिगड़ना चाहती है। भारतीय जनता पार्टी विकास में पिछड़ गई है। महंगाई रोक नहीं पाई है। इसलिए ही देश का सौहार्द बिगाड़ना चाहते हैं। सुमन देश के बड़े नेता है। साल 2012 से पहले जो भी सरकार थी। तब यहां पर हमने उनके साथ आंदोलन चलाया था। आंदोलन से सरकार गई और आंदोलन के बाद सरकार बनाई। शासन प्रशासन के इशारे पर जो कुछ हुआ है उससे हम डरेंगे नहीं और रुकेंगे भी नहीं। इनका मुकाबला करेंगे। अब बर्दाश्त भी नहीं करेंगे।

ये भी पढ़ें:राणा सांगा पर टिप्पणी को लेकर बवाल, सपा सांसद के घर करणी सेना का धावा, लाठीचार्ज

शिवपाल ने कहा कि भाजपा तुष्टिकरण की राजनीति करती है। इसी तरीके से सदभावना को बिगड़ना चाहती है। समाजवादी पार्टी के लोग इसका मुकाबला करेंगे। भाजपा के लोग दलित विरोधी, अल्पसंख्यक विरोधी हैं, पिछड़ा विरोधी हैं। इन्होंने विकास किया नहीं। इसी को मुद्दा बनाना चाहते हैं। सपा इनके मुकाबले को तैयार है।

रामगोपाल भी पहुंचे, बोले- ईद के बाद सपा करेगी प्रदेशव्यापी आंदोलन

सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर हुए हमले के बाद गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव भी उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने रामजीलाल सुमन के परिजनों से मुलाकात की। पुत्रवधु और बेटे को भरोसा दिलाया कि हर संभव पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके साथ है। यदि कार्रवाई नहीं होती है तो ईद के बाद सपा प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। ये हमला रामजीलाल सुमन पर नहीं पूरे दलित समाज व पीडीए पर हुआ है।

उन्होंने रणजीत सुमन, उनकी पत्नी प्रियंका सुमन से मुलाकात की। उनसे पूरा घटनाक्रम जाना। उन्होंने बताया कि हमला पूर्व नियोजित था। बड़े आलाधिकारियों की जानकारी में था। दुर्भाग्य है प्रदेश के मुखिया जरा सी दूरी पर थे।

प्रशासन ने इसके बाद भी सख्ती नहीं की। हमलावर इतनी दूर से आए। हाथों में लाठी, डंडे, तलवार थीं। पुलिस ने उन्हें रोका तक नहीं। पुलिस को जो व्यवस्था करनी चाहिए थी वो नहीं की। इतनी तादात में हमलावर आए उसके बाद भी गिरफ्तारियां कितनी हुईं।

उन्होंने बताया कि सदन में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। ये मामला सदन का था वहीं निपट जाता। हमला कराने की जरूरत नहीं थी। ये पूरे हमला दलित समाज व पीडीए पर है। सामंतवादी मानसिकता वाले इन लोगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो ईद के बाद सपा प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।