सुबह से गर्मी के तेवर तल्ख उमस भरी गर्मी ने निकाला आबादी का पसीना
Amroha News - उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पिछले दो दिनों से गर्मी के चलते लोग परेशान हैं। बाजारों में सन्नाटा है और लोग घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में बारिश...

उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जनमानस के साथ पशु-पक्षी सभी परेशान हो गए हैं। शनिवार की सुबह से सूरज की तल्ख किरणों के साथ उमसभरी गर्मी ने लोगों को पसीनों से तर-बतर कर दिया है। शुक्रवार को भी गर्मी के तेवर तल्ख रहे थे। हालांकि इस बीच बादलों की आवाजाही भी रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। इसलिए उमस भी बढ़ गई। गर्मी के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय शहर के बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ नजर आता है। गर्मी का असर बाजारों में दिखाई दिया और खरीदारी करने के लिए कम लोग ही निकले।
पिछले दो दिनों से गर्मी में लोगों की हालत खराब हो गई है। शरीर से पसीना रूकने का नाम नहीं ले रहा है। आज सुबह आठ बजे से ही गर्मी ने अपना असर दिखाया। उमस के चलते लोग पसीनों से भीगे रहे। दोपहर तक अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। उमसभरी गर्मी से बचाव के लिए लोग विभिन्न प्रयास करते रहे, लेकिन राहत नहीं मिल सकी। कूलर-पंखा में भी पसीना नहीं सूख सका। वहीं बादलों की उमड़-घुमड़ भी होती रही। इससे उमसभरी गर्मी का असर भी तेज हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इनसेट : चार दिन में चार डिग्री गिरेगा तापमान अमरोहा। मौसम विभाग की माने तो आगामी चार दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान पांच डिग्री गिरावट के बाद 22 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने का अनुमान है। इससे गर्मी में राहत मिलने की उम्मीद है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।