तेंदुए ने अलीपुर कलां में पालतु कुत्ते का किया शिकार, नीलगाय के झुंड पर भी किया हमला
Amroha News - अमरोहा। नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव दाउद सराय में ईंट भट्टे से वन विभाग को चकमा देकर भागे तेंदुए ने अब गांव अलीपुर कलां में पालतु कुत्ते को शिक

नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव दाउद सराय में ईंट भट्टे से वन विभाग को चकमा देकर भागे तेंदुए ने अब गांव अलीपुर कलां में पालतु कुत्ते को शिकार बना लिया। इतना ही नहीं इसके साथ ही नीलगाय के झुंड पर भी हमला किया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग को सूचना देते हुए जंगल में पिंजरा लगाने की मांग की गई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को नौगावां सादात क्षेत्र के गांव दाउद सराय में तेंदुआ देखा गया था। शोर मचाने पर वह काफी साल से बंद पड़े ईंट भट्ठे में छुप गया था।
लेकिन, रात में किसी समय वह वन विभाग की टीम को चकमा देकर वहां से भाग निकला था। लिहाजा, रविवार को वन विभाग ने वहां से पिंजरा और जाल हटा लिया था। इसके बाद रविवार शाम तेंदुए ने क्षेत्र के गांव अलीपुर कलां में एक पालतू कुत्ते का शिकार कर लिया। गांव निवासी मास्टर महावीर सिंह का कुत्ता गांव के पास ही स्थित खेत पर था। अचानक तेंदुए ने हमला कर उसे मार दिया। थोड़ी देर बाद गांव के लोग उधर से गुजरे तो उन्होनें खेत में कुत्ते के अवशेष पड़े देखे। इसके बाद तेंदुए ने जंगल में घूम रहे नीलगाय के झुंड पर भी हमला किया था। ग्रामीणों ने पीछा किया तो तेंदुआ जंगल की तरफ भाग निकला। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग को जंगल में तेंदुए के होने की सूचना दे दी है। गौरतलब है कि गांव अलीपुर कलां में बीते दो साल से तेंदुए को देखा जा रहा है लेकिन वन विभाग ने अभी तक आबादी को इस दहशत से निजात दिलाने के लिए कोई मजबूत कदम नहीं उठाया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।