Leopard Scare in Qutubpur Hamidpur Farmers Fear for Crops as Attacks Persist तीन घंटे में दो बार दिखाई दिया तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण, Amroha Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAmroha NewsLeopard Scare in Qutubpur Hamidpur Farmers Fear for Crops as Attacks Persist

तीन घंटे में दो बार दिखाई दिया तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण

Amroha News - कुतुबपुर हमीदपुर में तेंदुए की दहशत के कारण ग्रामीण खेतों पर नहीं जा पा रहे हैं। तेंदुए के हमले में छह किसान घायल हुए थे। हाल ही में तेंदुआ फिर से देखा गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत है और फसलें बर्बाद...

Newswrap हिन्दुस्तान, अमरोहाSat, 14 June 2025 04:17 AM
share Share
Follow Us on
तीन घंटे में दो बार दिखाई दिया तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण

कुतुबपुर हमीदपुर में तेंदुए की दहशत के बीच गुरुवार को फिर तीन घंटे में दो बार तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए की दहशत के चलते ग्रामीण खेतों पर जाने तक से बच रहे हैं। किसानों की फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। वहीं टमाटर की फसल बर्बाद हो गई है। पिंजरा लगाने के चार दिन बाद भी तेंदुआ पकड़ में नहीं आ सका है। उधर, पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर तेंदुए की हत्या के आरोपी अज्ञात ग्रामीणों की तलाश कर रही है। गौरतलब है कि बीते शनिवार को क्षेत्र के गांव कुतुबपुर हमीदपुर में खेतों पर काम कर रहे किसानों पर तेंदुए ने हमला बोल दिया था।

तेंदुए के हमले में छह किसान घायल हो गए थे। इस पर गुस्साई भीड़ ने बचाव में लाठी-डंडों के साथ तेंदुए को घेरते हुए हमला बोल दिया था। ग्रामीणों के हमले में तेंदुए की भी मौत हो गई थी। इसके बाद वन विभाग की टीम तीन लोगों को मौके से पकड़ लाई थी। ग्राम प्रधान बृजेश के भाई समेत तीन को नामजद करते हुए अज्ञात भीड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं रविवार सुबह गांव निवासी रत्नेश व धन सिंह को खेत पर टमाटर तोड़ते समय दो शावक और तेंदुआ घूमते हुए दिखाई दिया था। इसके बाद से ही तेंदुआ लगातार क्षेत्र में घूमता हुआ देखा जा रहा है। वन विभाग ने गांव की पूर्व और पश्चिम दिशा में दो पिंजरे लगाए हैं। हालांकि वन अधिकारियों ने शुरुआत में पिंजरे में शिकार नहीं बांधा था। ग्रामीणों की मांग पर चार दिन से पिंजरे में अब शिकार भी बांधा जा रहा है लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आ रहा है। वहीं बुधवार के बाद गुरुवार को भी दिन में तेंदुए के नहीं दिखाई देने पर ग्रामीणों ने राहत महसूस की थी। लेकिन इसी बीच देर शाम राहगीरों ने गांव निवासी दयाराम के टमाटर के खेत में तेंदुए को उछलकूद करते हुए देखने का दावा कर दिया। नतीजा ग्रामीण अब फिर से दहशत में आ गए हैं। रात में तेंदुआ गांव निवासी भगवान दास के घर के पास पहुंच गया। तेंदुए को देख भगवान दास और उनके परिवार के सदस्यों ने कमरों में छिप कर जान बचाई। शोर मचाने पर गांव के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े तो तेंदुआ गन्ने के खेत में छिप गया। तीन घंटे के भीतर दो बार तेंदुए के दिखाई देने से ग्रामीण फिर से दहशत में आ गए हैं। ग्राम प्रधान बृजेश सिंह ने बताया कि गुरुवार देर शाम दो बार तेंदुआ देखा गया। तेंदुए की दहशत में लोग फसल की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। फसल बर्बादी की कगार पर पहुंच गई है। टमाटर भी सूख गए हैं। फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उधर, वन अधिकारी तेंदुए की तलाश लगातार जारी होने की बात कह रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।