मंडी धनौरा में चलती बाइक से नवविवाहिता ने लगाई नहर में छलांग
Amroha News - नवविवाहिता ने रामगंगा पोषक नहर में छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश शुरू कर दी है। विवाहिता के मायके पक्ष ने...
मंडी धनौरा। हिन्दुस्तान संवाद
नवविवाहिता ने रामगंगा पोषक नहर में छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश शुरू कर दी है। विवाहिता के मायके पक्ष ने सुसराल पक्ष पर बाइक से धक्का देने का आरोप लगाया है।
क्षेत्र के ग्राम पालनपुर में बह रही रामगंगा पोषक नहर में रविवार सुबह नवविवाहिता अनामिका 21 वर्ष पत्नी राजकुमार निवासी नांदनौर माफी ने छलांग लगा दी। बताते है कि राजकुमार पुत्र इमरत सिंह का विवाह सात दिसम्बर 2020 को अनामिका पुत्री संजीव कुमार निवासी पृथ्वीपुर थाना नौगांवा सादात के साथ हुआ था। रविवार सुबह दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही बाइक पालनपुर रामगंगा पोषक नहर के पुल पर पहुंची तभी अनामिका ने बाइक से कूदकर नहर में छलांग लगा दी। राजकुमार ने पत्नी को छलांग लगाते देखा तो उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही राजकुमार के परिजनों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नवविवाहिता की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि अनामिका के पिता का आरोप है कि राजकुमार ने उसकी बेटी को नहर में धक्का दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस समय रामगंगा पोषक नहर ने विकराल रूप धारण कर रखा है। गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।