संदिग्ध हालात में बंद घर में मिला ठेकेदार और चालक का शव
Amroha News - गजरौला में सिंचाई विभाग के ठेकेदार और उनके चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव एक बंद घर में मिले, जहां कार स्टार्ट थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मौत दम घुटने से हुई है।...

गजरौला। सिंचाई विभाग के ठेकेदार और उसके चालक की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह अवंतिका नगर स्थित बंद घर में दोनों के शव मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। शहर के मोहल्ला शुक्लपुरी निवासी सिंचाई विभाग के ठेकेदार 42 वर्षीय देव ऋषि उर्फ दीपक जाटव पुत्र अतरपाल सिंह का शहर के मोहल्ला अवंतिका नगर में दूसरा घर है। उसमें ठेकेदार ने अपना कार्यालय भी बना रखा है। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे देवऋषि और उनकी कार का 40 वर्षीय चालक इंद्रपाल सैनी पुत्र जबर सिंह कार्यालय पहुंचे।
चालक ने कार को घर के अंदर खड़ा कर दिया। बताया जाता है कि दोनों मकान के अंदर कार को स्टार्ट करके उसके अंदर एसी में बैठ गए व शराब पीने लगे। इसके पहले दीपक ने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी बंद कर दिया। परिजनों ने उसे कई बार फोन किया लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। पत्नी रेखा से जरूर एक बार उसकी बात हुई। वहीं रातभर घर नहीं लौटने पर पत्नी ने गुरुवार सुबह दीपक को कई बार फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उसने बैंक कालोनी निवासी दीपक के भांजे विवेक को फोन कर अवंतिका नगर स्थित मकान पर दीपक को देखने के लिए भेजा। विवेक मकान पर पहुंचा तो दीपक का शव बाथरूम के पास व इंद्रपाल का शव कार के अंदर पड़ा मिला। दोनों के मुंह से झाग निकल रहे थे। कार भी चालू थी। यह देख विवेक के होश उड़ गए। उसने फोन कर दीपक के परिवार को जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे, सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। फोरेंसिंक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने घटनास्थल का जायजा लिया। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक दोनों की मौत दम घुटने से हुई है। आशंका जताई जा रही है कि बंद घर में लगातार कार स्टार्ट रखने की वजह से आक्सीजन का स्तर कम हुआ और दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। फिलहाल दोनों का बिसरा सुरक्षित रखा गया है। दोनों मृतकों के शरीर पर किसी तरह की कोई चोट नहीं मिली है। जांच के लिए दोनों का बिसरा सुरक्षित किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के मुताबिक दोनों के अलावा मकान के अंदर तीसरा कोई व्यक्ति नहीं गया है। बारीकी से छीनबीन की जा रही है। अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।