भतीजों के मुंडन संस्कार में शामिल होने आए चाचा की गंगा में डूबकर मौत
Amroha News - भतीजों के मुंडन संस्कार में शामिल होने आए विपिन की गंगा में डूबने से मौत हो गई। स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया और शोर सुनकर गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला। परिवार ने उसे सीएचसी ले जाने पर...

भतीजों के मुंडन संस्कार में शामिल होने आए चाचा की गंगा में डूबकर मौत हो गई। आसपास स्नान कर रहे लोगों के शोर मचाने पर पहुंचे गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने भी मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव भीमा सुल्तानपुर निवासी अरविंद के पुत्र आरव व अभी का सोमवार को मुंडन संस्कार था। सभी लोग मुंडन संस्कार करवाने के लिए बृजघाट गंगा तट पर पहुंचे थे। उनके साथ अरविंद का छोटा भाई 30 वर्षीय विपिन पुत्र विक्रम भी था। बृजघाट पुलिस चौकी के पास बने अस्थायी गंगाघाट पर मुंडन संस्कार का कार्यक्रम चल रहा था।
इस बीच विपिन गंगा में स्नान करने लगा, तभी नहाते वक्त वह गहरे पानी में चला गया और हाथ-पांव मारने लगा। नजारा देख आसपास स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचा दिया। शोर होने पर गोताखोर मौके पर पहुंचे व करीब आधा घंटे की कोशिश के बाद विपिन के शव को पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे लेकिन वहां भी चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। विपिन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इंसेट : नोएडा में मजदूरी करता था विपिन गजरौला। विपिन नोएडा में मजदूरी करता था। वह मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए ही नोएडा से घर आया था। विपिन की पत्नी मधु का हादसे के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है। विपिन के दो बच्चों के सिर से पिता का साया हादसे के बाद उठ गया है। जिनके पालन पोषण की जिम्मेदार विपिन की पत्नी मधु के कंधों पर आ गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।