शिक्षक, अधिकारी व विद्यार्थियों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार का पूर्वाभ्यास किया
Ayodhya News - डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए सामूहिक सूर्य नमस्कार योग का पूर्वाभ्यास किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 लोग शामिल हुए, जिसमें महापौर ने योग के महत्व...

अयोध्या, संवाददाता। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्री योग दिवस- 2025 के मद्देनजर कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के निर्देश पर सामूहिक सूर्य नमस्कार योग का पूर्वाभ्यास किया गया। गुरूवार को विवि के कौटिल्य प्रशासनिक भवन के सामने प्रात: सात बजे पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में महापौर, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी सहित लगभग 200 लोग शामिल हुए। इस मौके पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि योग के माध्यम से हम परम चेतना से जुड़ते हैं। योग से जीवन का वास्तविक दर्शन होता है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया को योग भारत ने दिया है। योग उत्सव नहीं एक नित्यक्रिया से जुड़ी जीवनचर्या है।
उन्होंने अपील किया कि सभी नित्य समय निकालकर योग को दिनचर्या का अंग बनाएं। संस्थान के निदेशक प्रो. एसएस मिश्र ने कहा कि सामूहिक सूर्य नमस्कार ऊर्जा एवं एकाग्रता का अनुभव कराता है। योग ऋषियों की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार आसनों का विशिष्ट समूह है जो हमारे शरीर, मन और विचारों पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। संचालन डॉ. अनुराग सोनी ने करते हुए बताया कि सूर्य नमस्कार के अभ्यास से शरीर के सभी अंग सक्रिय हो जाते हैं। योग का पहला नियम अनुशासन है जो सांस को सांस के क्रम से जोड़ता है। इस दौरान प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. सुरेंद्र मिश्र, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. कपिल राणा, डॉ. अनुराग पाण्डेय, डॉ. शिवांश कुमार, राजीव त्रिपाठी, गायत्री वर्मा, आलोक तिवारी, मोहिनी पाण्डेय, दिवाकर पाण्डेय व अन्य मौजूद रहे। -----------------
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।