रोडवेज की अनुबंधित बस पलटी, महिला की मौत, 20 घायल
Azamgarh News - आजमगढ़ में एक बस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि 20 लोग घायल हो गए। अयोध्या से मऊ जा रही बस का टायर फटने के कारण वह पलट गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक महिला की पहचान समीना...

आजमगढ़, संवाददाता। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी हवाई अड्डे के पास शनिवार की शाम अयोध्या से मऊ जा रही रोडवेज की अनुबंधित टायर फटने के कारण डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक-खलासी समेत बीस यात्री घायल हो गए। उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मऊ डिपो की अनुबंधित बस शनिवार शाम यात्रियों को लेकर अयोध्या से मऊ जा रही थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी हवाई अड्डे के पास अचानक बस का अगला टायर फट गया। जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरे लेन पर जाकर पलट गई।
दुर्घटना के बाद अफरातफरी मच गई। बस के चालक-परिचालक सहित 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल आठ यात्रियों को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां मुबाकपुर कस्बे के मिल्लत नगर निवासी 60 वर्षीया समीना बानो पत्नी अंसार की डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 10 एंबुलेंस लगाई गई थीं। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं। स्थानीय अस्पताल में उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। मामूली रूप से घायल लोग दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य को रवाना हो गए। घायलों में आमजगढ़ के साथ ही मऊ, गाजीपुर और गोरखपुर के लोग शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने पर सीओ सीटी गौरव शर्मा, कोतवाल शशिमौली पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिस और एसीएमओ अरविंद चौधरी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के सुरक्षागार्डों ने घायलों को एंबुलेस ने निकालकर इमरजेंसी में पहुंचाया। एक साथ घायलों के पहुंचने से अफरातफरी मच गई। आठ लोगों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। हादसे में ये लोग हुए घायल हादसे में मुबाकपुर कस्बे के मिल्लत नगर निवासी 60 वर्षीया समीना बनो पत्नी अंसार की मौत हो गई, जबकि उनकी पौत्री 20 वर्षीय शायरा बानो पुत्री एजाज अहमद, दामाद समसुद्दीन घायल हो गए। तीनों टांडा से घर लौट रहे थे। इसके साथ ही 45 वर्षीय संजय लाल निवासी धनेहुआं थाना जहानागंज, 33 वर्षीय अजीत सिंह निवासी धवरिया थाना कोपागंज जनपद मऊ को चोटें आईं। अंबेडकर नगर के पूरा बाजार सीएचसी में तैनात सीएचओ 32 वर्षीया ममता यादव निवासी कोलबाजबहादुर नगर कोतवाली, बस के परिचालक आशुतोष त्रिपाठी निवासी सरायकाइया थाना रामचंद्र मिशन जनपद शाहजहांपुर, शैलेश यादव निवासी देवकली थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर, बस चालक रामू प्रसाद निवासी गोलाबाजार गोरखपुर, राजेश चौहान निवासी चालीसवां थाना मोहम्मदाबाद गोहना जनपद मऊ घायल हो गए। टायर फटने के बाद कमानी टूटने से पलटी थी बस अयोध्या से मऊ जा रही बस के अगले पहिये का टायर फट गया था। जिसके बाद चालक ने ब्रेक लगाया। इस दौरान बस की कमानी टूट गई। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। फिर सड़क के दूसरे लेन पर जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था की लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। पास में पेट्रोलपंप से लोग बचाव के लिए पहुंचे। पुलिस को घटना की सूचना देते हुए घायलों को बस से बाहर निकला। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए आननफानन में दस एंबुलेंस बुला ली गईं। करीब आधे घंटे में एंबुलेस घायलों को लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचीं। पौत्री को देखकर टांडा से घर लौट रही थीं समीना मुबारकपुर कस्बे के मिल्लत नगर निवासी समीना की पौत्री आफरीन बानो की शादी टांडा में हुई है। आफरीन का ऑपरेशन हुआ है। समीना अपनी दूसरी पौत्री शायरा बानो पुत्री एजाज अहमद और दामाद शमसुद्दीन के साथ टांडा गई थी। तीनों घर आने के लिए बसखारी से बस में सवार हुए थे। बस पलटने से मसीना की मौत हो गई। पुत्री और दामाद घायल हैं। परिवार में समीना की मौत की सूचना मिलने पर कोहराम मच गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।