दो बाइकों की टक्कर में दो लोगों की मौत
Azamgarh News - संजरपुर के खानपुर में मंगलवार रात दो बाइकों की टक्कर में 25 वर्षीय अतुल यादव और 22 वर्षीय मनीष प्रजापति की मौत हो गई। 18 वर्षीय अमित यादव घायल हो गए हैं। दोनों युवक रिश्तेदारी की शादी से लौट रहे थे।...

संजरपुर, हिन्दुस्तान संवाददाता। सरायमीर थाना क्षेत्र के खानपुर के पास मंगलवार की रात करीब नौ बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। दीदारगंज थाना क्षेत्र के अबुसैदपुर गांव निवासी 25 वर्षीय अतुल यादव ट्रक चालक थे। वे गुजरात में ट्रक चलाते थे। मार्च माह में घर आए थे। इसके बाद से घर पर ही रह रहे थे। मंगलवार को खरसहन खुर्द गांव निवासी 18 वर्षीय अमित यादव के साथ रिश्तेदारी में आयोजित शादी के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। सरायमीर थाना क्षेत्र के खानपुर के पास सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार 22 वर्षीय मनीष प्रजापति निवासी पवई लाडपुर थाना सरायमीर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों पर बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। आवाज सुनकर आस-पास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने अतुल और मनीष को मृत घोषित कर दिया। अमित की हालत गंभीर देखकर रेफर कर दिया। फूलपुर के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। मनीष प्रजापति दो भाई और दो बहन में छोटा था। मुंबई में फर्नीचर का काम करता था। परिवार में शादी में शामिल होने घर आया था। इसके साथ ही ट्रक चालक अतुल यादव का डेढ़ साल का एक बेटा है। घटना के बाद से पत्नी पूजा, मां गायत्री देवी सहित परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हैं। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।